Elon-Musk
File Pic

Loading

नई दिल्ली. विश्व व्यापार जगत की बड़ी खबर के अनुसार, अब अरबपति एलन मस्क (Elon Musk) ने ट्विटर (Twitter) का CEO पद छोड़ने की घोषणा की है। इस बाबत मस्क ने कहा कि, उन्होंने Twitter का नया CEO नियुक्त कर लिया है। हालांकि, उन्होंने अभी नए CEO के नाम की घोषणा नहीं की है। इसके चलते इस मुद्दे पर सस्पेंस अभी बकरार है। हालांकि माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म के मालिक मस्क ने संकेत दिए हैं कि, ट्विटर की नई CEO अब एक महिला होगी।

वहीं सूत्रों के अनुसार मस्क अब ट्विटर के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन और चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर होंगे। वो लंबे समय से ट्विटर के लिए नए CEO की तलाश में थे। हालांकि वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के अनुसार, NBC यूनिवर्सल की टॉप एडवर्टाइजिंग सेल्स एग्जीक्यूटिव लिंडा याकारिनो ट्विटर की नई CEO हो सकती हैं। दरअसल याकारिनो ने बीते महीने मियामी में एक एडवर्टाइजिंग कॉन्फ्रेंस में मस्क का इंटरव्यू लिया था। कॉन्फ्रेंस में याकारिनो ने मस्क के वर्क एथिक की तारीफ भी की थी।

जानकारी दें कि, एलन मस्क ने बीते 27 अक्टूबर 2022 को 44 बिलियन डॉलर में ट्विटर खरीदा था। इसके बाद मस्क ने कंपनी के चार बडे या यूं कहें कि, टॉप ऑफिशियल्स को निकाल दिया था। इनमें CEO पराग अग्रवाल, फाइनेंस चीफ नेड सेगल, लीगल एग्जीक्यूटिव्स विजया गड्डे और सीन एडगेट प्रमुखता से शामिल हैं। इसके बाद चीफ मार्केटिंग ऑफिसर लेस्ली बेरलैंड, चीफ कस्टमर ऑफिसर सारा पर्सनेट और ग्लोबल क्लाइंट सॉल्यूशंस के वाइस प्रेसिडेंट जीन-फिलिप महू को बाहर कर दिया गया था।

वहीं फिर एलन मस्क ने इसी साल 15 फरवरी 2023 को कहा था कि, उन्हें उम्मीद है कि इस साल के आखिरी तक ट्विटर के लिए एक नया CEO मिल जाएगा। इस बीच मस्क ने ट्विटर पर उन्होंने मजाक में अपने डॉग फ्लोकी (Floki) की फोटोज शेयर कर मजाक में उसे ट्विटर का नया CEO भी बताया था।

तब मस्क ने फ्लोकी की फोटोज शेयर कर लिखा था, “ट्विटर का नया CEO बहुत अमेजिंग है। यह दूसरे लोगों से काफी अच्छा है। ये नंबरों के साथ भी अच्छा और काफी स्टाइलिश भी है।” लेकिन अब मस्क ने वास्तव में Twitter का नया CEO नियुक्त कर लिया है।