Himachal Pradesh Class 10th Result 2024
HPBOSE टॉपर रिद्धिमा शर्मा (सौजन्य सोशल मीडिया)

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 10वीं का रिजल्ट जारी हुआ जिसमें लड़कियों ने बाजी मारी और रिद्धिमा शर्मा राज्य की टॉपर बनी।

Loading

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (Himachal Pradesh Board of School Education, HPBOSE) द्वारा मंगलवार को घोषित 10वीं कक्षा के बोर्ड परीक्षा परिणाम (HPBOSE 10th Result 2024) में लड़कियों ने एक बार फिर बाजी मारते हुए लड़कों को पीछे छोड़ दिया। परीक्षा में शामिल हुए कुल विद्यार्थियों में से 74.61 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 92 विद्यार्थियों में 71 लड़कियां हैं, जिन्होंने शीर्ष 10 स्थान हासिल किए हैं। रिजल्ट चेक करने के लिए आप एचपीबीओएसई की आधिकारिक वेबसाइट hp bose.org पर जा सकते हैं।

हाल ही में घोषित हिमाचल प्रदेश बोर्ड की 12वीं कक्षा के परिणामों में भी लड़कियों ने लड़कों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया था। बारहवीं कक्षा के परिणाम में शानदार प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 41 विद्यार्थियों में 30 लड़कियां रही थीं, जिन्होंने शीर्ष 10 स्थान हासिल किए थे। दसवीं कक्षा के परिणाम में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों की सूची में सरकारी स्कूलों का प्रतिनिधित्व उल्लेखनीय है और निजी स्कूलों के 70 विद्यार्थियों की तुलना में सरकारी स्कूलों के 22 विद्यार्थियों ने शीर्ष 92 विद्यार्थियों की सूची में जगह बनाई है।

रिद्धिमा शर्मा ने किया टॉप

हमीरपुर जिले के नादौन के एक सरकारी स्कूल की 10वीं कक्षा की छात्रा रिद्धिमा शर्मा (Riddhima Sharma) ने शीर्ष स्थान हासिल करते हुए 99.86 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। रिद्धिमा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को देते हुए कहा कि वह चिकित्सक बनना चाहती हैं। रिद्धिमा ने कहा कि सभी छात्रों को कड़ी मेहनत करनी चाहिए और लक्ष्य पर अपना ध्यान केंद्रित करना चाहिए। दूसरे स्थान पर कांगड़ा जिले के न्यूगल स्कूल की कृतिका शर्मा हैं, जिन्होंने 99.71 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं, जबकि शिवम शर्मा (बिलासपुर जिला), अद्विती टेक्टा (शिमला जिला) और रुशिल सूद (कांगड़ा जिला) ने 99.57 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया है।

दो मार्च से 21 मार्च तक राज्य के 2,258 केंद्रों पर आयोजित की गई इस वर्ष की परीक्षा में कुल 91,130 छात्र उपस्थित हुए। नतीजे तय समय से 15 दिन पहले घोषित किए गए हैं। राज्य बोर्ड के अध्यक्ष हेमराज बैरवा ने कहा कि इस वर्ष परीक्षा परिणामों की समय पर घोषणा से दक्षता के प्रति बोर्ड की प्रतिबद्धता प्रदर्शित होती है।

बोर्ड ने घोषणा की कि छात्रों की सहायता के लिए प्रमाण पत्र परिणाम घोषित होने के 12 घंटे के भीतर डिजिलॉकर के माध्यम से उपलब्ध होंगे और विस्तृत परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर देखे जा सकते हैं। आप एचपीबीओएसई की आधिकारिक वेबसाइट hpbose.org पर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं। डिजीलॉकर भारतीय डिजिटलीकरण ऑनलाइन सेवा है, जो केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा अपनी डिजिटल भारत पहल के तहत प्रदान की जाती है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)