kishore-kumar-remembered-on-birth-anniversary

बॉलीवुड में कई सिंगर्स आए और गए लेकिन किशोर कुमार की आवाज़ का जादू आज भी बरकरार है।

Loading

मुंबई. बॉलीवुड के मशहूर प्लेबैक सिंगर, एक्टर, लेखक, फिल्म निर्माता, संगीतकार, स्क्रीनराइटर किशोर कुमार का आज जन्मदिन है। किशोर कुमार ने बॉलीवुड में कई गीत गाए हैं। उनकी मधुर आवाज़ से हर कोई उनका दीवाना बन जाता था। आज भी उनके कई गाने नए ज़माने की पीढ़ी को बेहद पसंद आते हैं। अब किशोर कुमार हमारे बीच में नहीं हैं, लेकिन वह आज भी अपनी आवाज़ के जरिये लोगों के दिलों में जिंदा हैं। बॉलीवुड में कई सिंगर्स आए और गए लेकिन किशोर कुमार की आवाज़ का जादू आज भी बरकरार है। आइए किशोर की जयंती पर जानते हैं, उनके बारे में कुछ खास बातें…

किशोर कुमार का जन्म 4 अगस्त 1929 को मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में एक बंगाली परिवार में हुआ था और उनका निधन 13 अक्टूबर को 1987 में हुआ। किशोर कुमार का असली नाम आभाष था। किशोर कुमार का मिजाज़ काफी मस्ती मज़ाक वाला था। किशोर के पिता कुंजलाल गांगुली, एक वकील थे। चार भाई बहनों में आभाष गांगुली सबसे छोटे थे। बड़े भाई अशोक कुमार बॉलीवुड में एक स्थापित नाम थे। आभाष भी अपने भाई की तरह कुछ करना चाहते थे। इसलिए वह खंडवा से भागकर अपने बड़े भाई अशोक कुमार के पास मुंबई चले गए। मुंबई में अशोक कुमार ने उन्हें फिल्मों में एक्टिंग करने के लिए कहा, लेकिन उनका मन एक्टिंग में नहीं लगता था। हालाँकि, भाई की बात मानकर आभाष ने फिल्मों में एक्टिंग की। तभी से उन्हें किशोर कुमार के नाम से पहचाना जाने लगा।

किशोर कुमार ने साल 1946 में रिलीज हुई फिल्म ‘शिकारी’ से अपने एक्टिंग की शुरुआत की थी। वह शूटिंग के दौरान अक्सर डायलॉग भूल जाते थे। इस वजह से उन्हें अशोक कुमार से काफी डांट भी पड़ती थी। अशोक कुमार की डांट फटकार से किशोर कुमार ने यह फिल्म पूरी की। इस फिल्म के बाद भी किशोर कुमार का मन एक्टिंग में नहीं लग रहा था। उनकी संगीत में रूचि थी। वह के.एल.सहगल की तरह गायक बनना चाहते थे। साल 1948 में खेमचन्द्र प्रकाश के संगीत निर्देशन में फिल्म ‘जिद्दी’ के लिए किशोर कुमार ने पहली बार गाना गाया। यह गाना उन्होंने देवानंद के लिए गाया था। इस गाने के बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।

किशोर कुमार ने संगीतकार एसडी बर्मन के साथ मिलकर कई गीत गाए थे। अपने फिल्मी करियर में किशोर कुमार ने लगभग 1500 से ज्यादा गानों को अपनी आवाज़ दी। किशोर कुमार ने बॉलीवुड में राजेश खन्ना, शशि कपूर, देव आनंद, अमिताभ बच्चन जैसे कलाकारों के लिए सुपरहिट गीत गाए थे। किशोर कुमार की रोमांटिक, चुलबुली आवाज़ या अदाकारी से फिल्म सुपरहिट हो जाती थी।

किशोर कुमार सिंगर के अलावा एक अच्छे एक्टर भी थे। किशोर कुमार राजेश खन्ना की सुपरहिट फिल्म आनंद में नजर आने वाले थे। दरअसल, इस फिल्म के लिए पहले किशोर कुमार को अप्रोच किया गया था। लेकिन, कुछ ऐसा हुआ कि यह फिल्म किशोर कुमार के हाथ से निकलकर राजेश खन्ना को मिल गई। दरअसल किशोर कुमार का किसी बंगाली डायरेक्टर के साथ झगड़ा हो गया था। जिसकी वजह से उन्होंने अपने गार्ड को बताया था कि अगर कोई बंगाली उनके घर आए तो उसे बिना बात किए ही भगा देना। उसी दिन ऋषिकेश मुखर्जी अपनी फिल्म आनंद के लिए किशोर कुमार से बात करने पहुंचे थे। लेकिन, किशोर कुमार के गार्ड ने उन्हें भला बुरा कहकर वहां से भगा दिया।

ऋषिकेश मुखर्जी बेहद नाराज़ हुए और उन्होंने फिल्म आनंद में किशोर कुमार की जगह राजेश खन्ना को कास्ट कर लिया। हालाँकि जब यह बात किशोर कुमार को पता चली तब उन्होंने अपने गार्ड को नौकरी से निकाल दिया। लेकिन, ऋषिकेश मुखर्जी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। इसके बाद ऋषिकेश मुखर्जी ने अपनी किसी भी फिल्म में किशोर कुमार को कास्ट नहीं किया।