Honey Singh and Shalini Talwar

    Loading

    नई दिल्ली. बॉलीवुड के मशहूर रैपर हनी सिंह (हिरदेश सिंह) (Yo Yo Honey Singh) और उनकी पत्नी शालिनी तलवार (Shalini Talwar) के 20 साल पुराने रिश्ते में दरार पड़ गई है। शालिनी ने हनी सिंह पर घरेलू हिंसा (Domestic Violence), मानसिक और आर्थिक शोषण का आरोप लगाया है। शालिनी ने दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट की मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट तानिया सिंह की कोर्ट में हनी सिंह के खिलाफ द प्रोटेक्शन ऑफ वुमन फ्रॉम डोमेस्टिक वायलेंस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।

    शालिनी ने कोर्ट से कहा कि उनका स्त्रीधन उन्हें वापस मिले और जो प्रॉपर्टी उनके और हनी सिंह के नाम है, उसे बेचने पर रोक लगाई जाए। शालिनी ने हनी सिंह के साथ उनके माता-पिता और बहन पर भी शारीरिक हिंसा, यौन हिंसा और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

    शालिनी की तरफ से वकील संदीप कपूर, अपूर्व पांडे और जीजी कश्यप ने कोर्ट में केस दर्ज कराई है। कोर्ट ने शालिनी के पक्ष में अंतरिम आदेश पारित करते हुए हनी सिंह को नोटिस जारी किया है, जिसमें उन्होंने सिंगर से 28 अगस्त से पहले जवाब देने को कहा है। साथ ही कोर्ट ने हनी सिंह को पत्नी के साथ संयुक्त स्वामित्व वाली प्रॉपर्टी को नहीं बेचने और स्त्रीधन से छेड़छाड़ न करने का आदेश दिया है।

    बता दें कि हनी सिंह और शालिनी ने 20 साल की दोस्ती और प्यार के बाद 2011 में शादी रचाई थी। दोनों की शादी सिख रीतिरिवाज से हुई थी। हालांकि इस शादी के बारे में बाहर किसी को कोई पता नहीं चला। लेकिन जब 2014 में हनी सिंह ने रियलिटी शो इंडियाज रॉकस्टार के एक एपिसोड में अपनी पत्नी को लोगों से मिलवाया था। तब सभी लोग हैरान हो गए थे।