Padma Vibhushan

Loading

मुंबई: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिग्गज एक्टर चिरंजीवी और मशहूर अदाकारा वैजयंतीमाला को पद्म विभूषण से सम्मानित किया। 9 मई को नई दिल्ली में पद्म पुरस्कार दिए गए। यह देश का दूसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है। मशहूर डांसर पद्मा सुब्रमण्यम को भी पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। विजेताओं की घोषणा इस साल गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या यानी 25 जनवरी पर की गई थी।

पद्मश्री से भी सम्मानित हो चुकी हैं वैजयंतीमाला
इस मौके पर वैजयंतीमाला बेहद खुश दिखाई दी। 90 साल की उम्र में पद्म विभूषण से सम्मानित होकर वह गर्व महसूस कर रही थीं। वैजयंती माला ने पद्म विभूषण सम्मान पाने पर कहा कि साल 1969 में मुझे पद्म श्री मिला था और अब पद्म विभूषण मिला है। मैं बहुत खुश और आभारी हूं। यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है।

वैजयंतीमाला ने आगे कहा कि यह हमारे पीएम नरेंद्र मोदी जी और भारत सरकार हैं, जिन्होंने मेरी कला-नृत्य के साथ-साथ फिल्मों को भी मान्यता दी है। मैं यह पुरस्कार पाकर खुश और विनम्र हूं। बता दें कि वैजयंतीमाला ने 16 साल की उम्र में एक तमिल फिल्म से एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। उन्हें देवदास, मधुमति, नया दौर और साधना जैसी फिल्मों के लिए याद किया जाता है।

चिरंजीवी ने जताई खुशी
पद्म विभूषण मिलने पर चिरंजीवी ने खुशी जताई और देश की जनता को प्यार और सपोर्ट देने के लिए आभार भी जताया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि केंद्र सरकार को जिन्होंने पद्म विभूषण पुरस्कार दिया, उन सभी को जिन्होंने इस अवसर पर मुझे बधाई दी, मेरा अभिनंदन। बता दें कि चिरंजीवी ने तेलुगु के अलावा तमिल और हिंदी फिल्मों में काम किया। वह आज एक पैन इंडिया सुपरस्टार हैं।

पद्मा सुब्रमण्यम भरतनाट्यम नर्तकी हैं। वो एक रिसर्च स्कॉलर, कोरियोग्राफर, शिक्षिका, इंडोलॉजिस्ट और लेखिका भी हैं। वह भारत के साथ-साथ विदेशों में भी प्रसिद्ध हैं। जापान, ऑस्ट्रेलिया और रूस जैसे देशों द्वारा उनके सम्मान में कई फिल्में और डॉक्यूमेंट्री बनाए गए हैं। उन्हें डांस फॉर्म के संस्थापक और भरत नृत्यम के संस्थापक के रूप में जाना जाता है।