Ghaath
Photo - @taran_adarsh Twitter

    Loading

    मुंबई : छत्रपाल निनावे (Chhatrapal Ninawe) की पहली मराठी फीचर फिल्म ‘घाट’ (Ghaath) 73वें बर्लिन अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (Berlin International Film Festival) में दिखाई जाएगी। इस फिल्म की कहानी माओवादी विद्रोहियों के कब्जे वाले भारत के जंगलों के किनारे पर बसे नागरिकों और पुलिस के बीच तनावपूर्ण बातचीत पर आधारित है। जियो स्टूडियोज और निर्माता मनीष मुंद्रा की दृश्यम फिल्म्स द्वारा सह-निर्मित इस फिल्म ने ‘लैब’ अवार्ड भी हासिल किया है।

    ट्रेंड एनालिस्ट तरण आदर्श के एक ट्वीट के अनुसार फिल्म ‘घाट’ का प्रीमियर 73वें बर्लिन अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में होगा। फिल्म की इस बड़ी उपलब्धि के लिए पूरी टीम काफी खुश है। छत्रपाल निनावे ने कहा कि बर्लिन में उनकी फिल्म का प्रीमियर होने के लिए उन्हें बहुत गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने आगे कहा कि यह एक थ्रिलर है जो जंगलों में और अपने पात्रों के मानस में गहराई तक जाती है। उन्होंने प्लाटून वन फिल्म्स और दृश्यम फिल्म्स को धन्यवाद भी कहा और उन्होंने यह उम्मीद भी जताई कि फिल्म बर्लिन के लोगों को पसंद आएगी।

    बता दें कि फिल्म ‘घाट’ की शूटिंग मध्य भारत के जंगलों में हुई है जो कि काफी मुश्किल और चुनौतीपूर्ण था। फिल्म की कास्ट और क्रू ने फिल्म पर कड़ी मेहनत की है। वहीं फिल्म ‘घाट’ के बर्लिन में प्रीमियर पर एक्टर जितेंद्र जोशी ने कहा कि यह मराठी सिनेमा और भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी जीत है। छत्रपाल निनावे द्वारा निर्देशित और लिखित मराठी फिल्म ‘घाट’ का निर्माण प्लाटून वन के बोरा और दृश्यम के मुंद्रा ने मिलाप सिंह जडेजा और संयुक्ता गुप्ता के साथ मिलकर किया है। फिल्म में जितेंद्र जोशी और मिलिंद शिंद के अलावा जनार्दन कदम, सुरुचि आदारकर और धनंजय मंडाओकर भी अहम भूमिका में हैं।