हमेशा एक ही तरह का खाना खाकर अक्सर लोग बोर हो जाते हैं, तो इस बार क्यों न कुछ मज़ेदार ट्राय करें। जो आपके मुँह का स्वाद बदल दे और आपके मन को खुश कर दे। ऐसे में आप तंदूरी गोभी टिक्का बना सकते हैं, यह बेहद ही स्वादिष्ट होता है। वहीं इसे बनाना भी बेहद आसान है। तो आइए जानें इसे बनाने की विधि…
सामग्री
- गोभी- 1
- हल्दी पाउडर- 1/2 चम्मच
- धनिया पाउडर- 1 चम्मच
- अजवाइन- 1/2 चम्मच
- कसूरी मेथी- 1 चम्मच
- गाढ़ा दही- 1 कप
- लाल मिर्च पाउडर- 1/2 चम्मच
- गरम मसाला पाउडर- 1 चम्मच
- चाट मसाला पाउडर- 1 चम्मच
- बेसन- 3 चम्मच
- तेल- आवश्यकतानुसार
- नमक- स्वादानुसार
यह भी पढ़ें
विधि-
- तंदूरी गोभी टिक्का बनाने के लिए सबसे पहले गोभी की कलियों को काटकर धो लें और चार से पांच मिनट तक भाप में पका लें। ध्यान रहे गोभी को भाप पर पकाने से मसाले बेहतर तरीके से उसमें समा पाते हैं।
- अब गोभी को एक बड़े से बाउल में निकाल लें। उस बाउल में तेल के अलावा अन्य सभी सामग्री डालें और हल्के हाथों से मिला लें। बाउल को ढककर आधे घंटे के लिए छोड़ दें।
- अब कढ़ाई में आवश्यकतानुसार तेल गर्म करें और उसमें गोभी के टुकड़ों को डालें, मध्यम आंच पर कुछ मिनट तक पकाएं। तली हुई गोभी एक बाउल में निकाल लें।
- उसके बाद अब कोयले का एक छोटा-सा टुकड़ा गर्म करें और जब यह लाल हो जाए तो उसे एक स्टील की कटोरी में डालें। इस कटोरी को तंदूरी गोभी वाले बाउल के बीच में रख दें।
- कटोरी में एक चम्मच घी डालें और बाउल को एक मिनट के लिए ढक दें। ऐसा करने से कोयले का फ्लेवर गोभी टिक्का में समा जाएगा।
- लीजिए तैयार है आपका तंदूरी गोभी टिक्का। अब इसे सर्विंग प्लेट में डालें और हरी चटनी और प्याज़ के छल्लों के साथ सर्व करें।