Amit Shah in Gujrat

    Loading

    अहमदाबाद. गुजरात (Gujarat) में हुए स्थानीय निकाय चुनाव (Municipal Election Result) के परिणाम सामने आ रहे हैं। अभी तक आये रुझानों में सभी 6 महानगर पालिकाओं- अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, जामनगर, भावनगर और राजकोट में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बड़ी जीत मिलती दिख रही है। भाजपा ने कई सीटों पर जीत हासिल कर ली है। वहीं सूरत में आम आदमी पार्टी का खाता खुल गया है। पार्टी ने यहां 27 सीटों पर जीत हासिल की है। यहां कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही।

    अगर जामनगर की बात करें तो यहां बसपा ने तीन सीटों पर जीत हासिल की है। जबकि पहली बार गुजरात निकाय चुनाव लड़ी असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने अहमदाबाद में चार सीटों पर जीत हासिल की है। गुजरात नगर निकाय चुनाव में भाजपा बड़ी जीत दर्ज करने की ओर है। अहमदाबाद में जीत का उत्सव मनाया जा रहा है। गृहमंत्री अमित शाह भी अहमदाबाद पहुंचे हैं।

    बता दें कि रविवार को छह महानगर पालिकाओं के लिए वोटिंग हुई। जिसमें औसतन 46.1 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।

    अहमदाबाद में AIMIM का खुला खाता

    अहमदाबाद महानगर पालिका में भाजपा ने 161 सीटों बढ़त बनाई है। जबकि कांग्रेस ने 15 सीटों पर बढ़त बनाई है। वहीं पहली बार गुजरात निकाय चुनाव लड़ी असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने चार सीटों पर जीत हासिल की है। फिलहाल मतगणना चल रही है। 

    सूरत में भाजपा को बहुमत, AAP का बढ़िया प्रदर्शन

    सूरत महानगर पालिका में भी भाजपा का बेहतरीन प्रदर्शन दिख रहा है। पार्टी ने यहां 93 सीटों पर कब्ज़ा कर लिया है। वहीं आम आदमी पार्टी ने भी यहां अच्छा प्रदर्शन किया है। आप ने यहां 27 सीटों पर जीत हासिल की है। जबकि कांग्रेस यहां अपना खाता तक नहीं खोल पाई।आम आदमी पार्टी के प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 26 फरवरी को गुजरात का दौरा करेंगे। इस दौरान वे सूरत में रोड शो करेंगे।

    वडोदरा भाजपा का परचम

    वडोदरा महानगर पालिका में भाजपा का परचम लहराया है। पार्टी ने यहां 69 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं कांग्रेस ने 7 सीटों पर जीत हासिल की है। भाजपा के कार्यालयों के बाहर कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं।   

    राजकोट में भाजपा भाजपा को बहुमत, कांग्रेस मिली 4 सीटें

    राजकोट महानगर पालिका में भाजपा को बहुमत प्राप्त हो गया है। भाजपा ने यहां की 68 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं कांग्रेस के खाते में चार सीटें आईं हैं।

    जामनगर में भाजपा को 50 सीटें मिली, कांग्रेस को 11 सीटें

    64 सीटों वाली जामनगर महानगर पालिका पर भी भाजपा ने कब्ज़ा किया है। उसने यहां 50 सीटों पर जीत दर्ज की है। जबकि 11 सीटें जीतकर कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही। वहीं 3 सीटें अन्य को मिली। 

    भावनगर में भाजपा का कब्ज़ा, कांग्रेस ने जीती 8 सीटें

    भावनगर महानगर पालिका की बात करें तो यहां भी भाजपा को बड़ी जीत मिली है। 52 सीटों वाली इस महानगर पालिका में भाजपा ने 44 सीटों की बड़ी जीत हासिल की। जबकि कांग्रेस ने सिर्फ 8 सीटें जीती हैं।

    पीएम मोदी ने किया लोगों का शुक्रिया अदा

    गुजरात नगर निकाय चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को शुक्रिया अदा किया। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, “शुक्रिया गुजरात! राज्य में नगर निगम चुनाव के परिणाम स्पष्ट संदेश देते हैं कि लोगों में विश्वास और सुशासन की राजनीति के प्रति अटूट विश्वास है। भाजपा पर फिर से भरोसा करने के लिए राज्य की जनता का आभारी हूं। गुजरात की सेवा करना हमारा सम्मान है।”

    मोदी की नीतियों पर भरोसा करने के लिए धन्यवाद : नड्डा

    भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुजरात की जनता का आभार जताया। नड्डा ने कहा कि गुजरात भाजपा की यह ऐतिहासिक जीत प्रदेश की जनता की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की जन-कल्याणकारी और विकास की नीतियों में अटूट विश्वास की जीत है। मैं प्रदेश की जनता को भाजपा में निरंतर विश्वास प्रकट करने के लिए धन्यवाद देता हूं।

    उन्होंने ट्वीट कर कहा, “गुजरात की सभी 6 महानगर पालिका में हुए स्थानीय निकाय के चुनावों में गुजरात भाजपा को अपार बहुमत मिला है। मैं इस जीत के लिए सभी 6 महानगर पालिका के मतदाताओं, मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं।”

    मुख्यमंत्री विजय रूपाणी जताया आभार

    मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल ने चुनाव परिणामों को लेकर मतदाताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार जताया है। रूपाणी ने ट्वीट किया, “गुजरात के लोगों ने राजनीतिक विश्लेषकों को एक विषय उपलब्ध कराया है, जो इस बारे में अध्ययन कर सकते हैं कि किस तरह से सत्ता विरोधी लहर का सिद्धांत राज्य (गुजरात) में लागू नहीं होता है।”