AMBANI
Pic: ANI

    Loading

    नई दिल्ली. सुबह की बड़ी खबर के अनुसार, अरबपति कारोबारी मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) ने आज यानी शनिवार को घोषणा की कि उनकी दूरसंचार कंपनी रिलायंस जियो (Reliance Jio) अगले साल दिसंबर तक पूरे देश में 5G सेवाओं की शुरुआत कर देगी। 

    गौरतलब है कि जियो इस महीने के अंत तक 5जी सेवाएं शुरू करने की तैयारी करने की कवायद में जुटी है। आज इंडिया मोबाइल कांग्रेस-2022 के कार्यक्रम में अंबानी ने कहा कि जियो 5जी की वहनीय सेवाएं शुरू करेगी और दिसंबर 2023 तक देश के हर कोने में ये तेज गति इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी। 

    भारती एयरटेल ने 5जी दूरसंचार सेवाएं शुरू की 

    वहीं आज भारती एयरटेल चार महानगरों समेत आठ शहरों में अपनी 5जी दूरसंचार सेवाएं शुरू करने जा रही है और कंपनी की मार्च 2024 तक पूरे देश में ये सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इसके साथ ही आज भारती एयरटेल के चेयरमैन सुनील भारती ने आईएमसी-2022 में कहा कि देश का सबसे पुराना निजी दूरसंचार ऑपरेटर आठ प्रमुख शहरों में 5जी मोबाइल सेवाएं शुरू कर रहा है और मार्च 2023 तक देश के ज्यातादर हिस्सों तथा मार्च 2024 तक पूरे देश में ये सेवाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी। 

    गौरतलब है कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी शनिवार को 5जी लॉन्चिंग के साथ ही यूरोप में एक कार का परीक्षण ड्राइव भी किया। जी हां, प्रधानमंत्री मोदी ने नई दिल्ली के प्रगति मैदान में बैठे-बैठे ही 5जी तकनीक की मदद से यूरोप में कार चलाई है। इस बाबत आज केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने प्रधानमंत्री मोदी की फोटो ट्वीट करते हुए लिखा, ‘दुनिया चला रहा भारत’। बता दें कि आज नई दिल्ली के प्रगति मैदान में इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2022 के छठे एडिशन में प्रधानमंत्री मोदी ने 5जी सर्विस का शुभारंभ भी किया है।