पीएम मोदी (Photo Credits-ANI Twitter)
पीएम मोदी (Photo Credits-ANI Twitter)

    Loading

    नई दिल्ली: बिहार के पटना में रविवार को भाजपा के सात मोर्चों की संयुक्त राष्ट्रीय कार्यकारिणी की समापन बैठक हुई।  इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि, 2024 का चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा, वह फिर से देश के प्रधानमंत्री होंगे। हमने बिहार में 2024 के साथ-साथ 2025 में एक साथ चुनाव लड़ने का फैसला किया है। 

    बताया जा रहा है कि, पटना में आयोजित भाजपा की इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल हुए। यहां केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बैठक को संबोधित भी किया।

    भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव ने शाह के संबोधन के बारे में बताते हुए कहा कि, ‘अमित शाह ने साफ कर दिया है कि 2024 में फिर नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री बनेंगे। इस बार भाजपा पिछले लोकसभा चुनाव से भी अधिक सीटें 2024 के लोकसभा चुनाव में जीतेगी। इसके साथ ही 2025 तक नीतीश कुमार ही बिहार के मुख्यमंत्री रहेंगे। भाजपा बिहार का विधानसभा चुनाव 2025 भी जदयू के साथ ही लड़ेगी। यह साथ विधानसभा के साथ लोकसभा में भी जारी रहेगा।

    पहली बार मोदी सरकार में ही वंचितों को दिया जा रहा मौका 

    खबरों के मुताबिक, अमित शाह ने यह भी कहा कि, देश के इतिहास में पहली बार मोदी सरकार में गरीबों, पिछड़ों और वंचित समाज को आगे बढ़ने का मौका दिया जा रहा है। हमारी सरकार में हर समाज के मंत्री हैं। इसमें पिछड़ा, अति पिछड़ा, आदिवासी और दलित समाज के मंत्री भी शामिल हैं

    तीसरी बार सत्ता में वापसी सुनिश्चित करें

    बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, गृहमंत्री अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से स्वतंत्रता के 75 वर्ष (अमृत महोत्सव) के मद्देनजर देश में देशभक्ति की भावना फैलाने के लिए 9 से 12 अगस्त तक चार दिन समर्पित करने को कहा। सिंह ने यह भी कहा कि, इस बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं से यह भी कहा गया कि,  ‘वे 2024 के चुनावों की तैयारी शुरू कर दें और पीएम नरेंद्र मोदी की लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी सुनिश्चित करें। पार्टी कार्यकर्ताओं को पिछली बार की तुलना में इस बार ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य दिया गया है।