Sanjay Singh
संजय सिंह

Loading

नई दिल्ली: ईडी (ED) ने दिल्ली के कथित शराब घोटाला मामले (Delhi Liquor Policy Scam) में बुधवार को आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। जांच एजेंसी ने छापेमारी के बाद उन्हें गिरफ्तार किया। आज सुबह से ही ईडी के अधिकारी संजय सिंह के आवास पर ईडी की छापेमारी कर रहे थे।  संजय सिंह की गिरफ्तारी को लेकर सत्तापक्ष-विपक्ष के कई नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है। 

अरविंद केजरीवाल ने क्या कहा

आम आदमी पार्टी के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि संजय सिंह की गिरफ़्तारी बिलकुल ग़ैर क़ानूनी है। ये मोदी जी की बौखलाहट दर्शाता है। चुनाव तक ये कई और विपक्षी नेताओं को गिरफ़्तार करेंगे।

संजय सिंह के परिवार ने क्या कहा 

आप सांसद संजय सिंह की मां राधिका सिंह ने कहा, “एक निर्दोष व्यक्ति को इस प्रकार से गिरफ्तार करना गुनाह है। मेरा बेटा निर्दोष है, इतना ईमानदार लड़का मैंने नहीं देखा है… ये सारे आरोप बेबुनियाद हैं।”

बीजेपी की हताशा का परिणाम

 दिल्ली शराब नीति मामले में पार्टी नेता संजय सिंह की गिरफ्तारी पर आप विधायक सोमनाथ भारती ने कहा, “यह देश में अघोषित आपातकाल की शुरुआत है। बीजेपी 2024 का चुनाव हार रही है… यह उनकी हताशा का परिणाम है।”

 भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने के लिए सत्ता में आई मोदी सरकार

आप सांसद संजय की गिरफ्तारी पर बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी ने कहा, “मोदी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने के लिए सत्ता में आई है। ईडी और सीबीआई ने पिछले नौ वर्षों में 5,000 स्थानों पर छापे मारे हैं और लगभग 1.5 लाख करोड़ रुपये बरामद किए हैं।” 

यह एक पूर्व नियोजित स्क्रिप्ट

आप सांसद की गिरफ्तारी पर दिल्ली की मंत्री और आप नेता आतिशी ने कहा, “यह एक पूर्व नियोजित स्क्रिप्ट थी, कि वे (ईडी अधिकारी) उनके आवास पर जाएंगे और 8 घंटे तक वहां बैठेंगे और फिर उन्हें गिरफ्तार कर लेंगे। यह बीजेपी की हताशा दिखाता है। पीएम भी जानते हैं कि चाहे 4 राज्यों के आगामी चुनाव हों या 2024 के चुनाव, लोगों ने बीजेपी सरकार को उखाड़ फेंकने का फैसला कर लिया है।”

 ‘AAP’ का एक भी ‘PAAP’ छुपने वाला नहीं

बीजेपी नेता संबित पात्रा ने कहा, “याद रहे — ‘AAP’ का एक भी ‘PAAP’ छुपने वाला नहीं है। जिन्होंने दिल्ली को लुटा है उन्हें एक-एक पाई का हिसाब देना ही पड़ेगा।”

AAP को नुकसान पहुंचाने के तरीके ढूंढने में लगी है BJP

आप सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी पर गुजरात आप प्रमुख इसुदान गढ़वी ने कहा, “पूरी भाजपा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम को नुकसान पहुंचाने के तरीके ढूंढने में लगी है… एजेंसियों को कुछ नहीं मिलेगा। मनीष सिसोदिया के यहां भी कुछ नहीं मिला था।”