delhi-weather
Pic: ANI

    Loading

    नई दिल्ली.  इस बार की भयंकर ठण्ड ने राजधानी दिल्ली (Delhi) सहित पूरे उत्तर भारत में आम जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया है। अब बस शाम होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर रहा है। रात से ही कोहरा पूरे शहर घेर रहा है। अब विजिबिलटी भी 50 मीटर से भी कम दर्ज हो रही है। शनिवार को गलन भरी शीतलहर का प्रकोप रहा और राजधानी के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 

    वहीं आज रविवार की सुबह भी सर्दी में कोई कमी नहीं है. सब तरफ घना कोहरा छाया हुआ है। हालांकि आज छुट्टी का दिन होने के कारण लोग घरों में हैं। लेकिन  मौसम विभाग ने आज के लिए दिल्ली सहित उत्तर भारत के कुछ हिस्सों के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है, जिसमें चेतावनी दी गई है कि घना कोहरा, ठंड और शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी।

    राष्ट्रीय राजधानी में ठंड बढ़ने से लोग अलाव जलाकर ठंड से बचने का प्रयास कर रहे हैं। एक व्यक्ति ने बताया, “इस बार बहुत ज्यादा ठंड पड़ रही है इसलिए आग जलाकर बैठे हैं। कोहरा भी तीन दिन से बहुत ज्यादा पड़ रहा है और जिससे पहने हुए कपड़े भी गीले हो जाते हैं।”

    आज दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अधिकांश स्थानों तथा जम्मू-कश्मीर के कुछ पर्यटन स्थलों की तुलना में भी कम है। गलन भरी शीतलहर के कारण मध्य दिल्ली के मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया. राजस्थान में वनस्थली (1.7 डिग्री सेल्सियस), सीकर (एक डिग्री सेल्सियस), पिलानी (0.6 डिग्री सेल्सियस) और चुरू (0 डिग्री सेल्सियस) सहित केवल कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान औसत से काफी कम दर्ज किया गया है।

    देश में ठण्ड से कैसा हैं माहौल 

     

    घंटों लेट हैं ट्रेनें

    वहीं रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि, कोहरे की स्थिति के कारण 36 ट्रेन एक घंटे से लेकर सात घंटे की देरी से चल रही हैं। IMD Weather के अनुसार विजिबिलिटी जब शून्य और 50 मीटर के बीच रह जाती है तो उस समय बहुत ज्यादा घना कोहरा होता है। वहीं, 51 और 200 मीटर के बीच दृश्यता की स्थिति में घना, 201 और 500 मीटर के बीच मध्यम और 501 तथा 1,000 मीटर के बीच दृश्यता की स्थिति में हल्का कोहरा होता है।

    हिल स्टेशन से भी ज्यादा ठंडी हो रही दिल्ली

    इसके साथ ही IMD के मुताबिक दिल्ली में न्यूनतम तापमान चंबा (5.8 डिग्री), डलहौजी (8.3 डिग्री), धर्मशाला (9.2 डिग्री), शिमला (7.8 डिग्री), हमीरपुर (3.9 डिग्री), मनाली (4 डिग्री) से अधिक ठंडा रहा। डिग्री), कांगड़ा (5.6 डिग्री), सोलन (3 डिग्री), देहरादून (6 डिग्री), मसूरी (8.1 डिग्री) और नैनीताल (5.8 डिग्री) से भी कम तापमान दर्ज किया गया है।