Mulayam-Singh-Yadav
File Photo

    Loading

    गुरुग्राम/लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी (SP) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) को रविवार को तबीयत बिगड़ने के बाद यहां मेदांता अस्पताल के आईसीयू में ले जाया गया है। डॉक्टर लगातार मुलायम सिंह यादव की सेहत पर नजर रख रहे हैं। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है

    सपा की राज्य इकाई के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि सिंह के परिवार के सदस्य गुरुग्राम पहुंच रहे हैं। सिंह के भाई शिवपाल सिंह यादव पहले से वहां मौजूद हैं, जबकि पार्टी के अध्यक्ष व मुलायम के बेटे अखिलेश यादव लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। अस्पताल के सूत्रों ने कहा कि कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. नितिन सूद और डॉ. सुशील कटारिया की निगरानी में 82 वर्षीय सिंह का इलाज किया जा रहा है। सिंह का 22 अगस्त से अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। उन्हें जुलाई में भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

    पिछले साल भी हुए थे भर्ती 

    पिछले साल पेट में तकलीफ के चलते मुलायम सिंह यादव को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। मुलायम को पेट में सूजन और दर्द होने पर मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया था। जांच में पाया गया कि बड़ी आंत में समस्या है। कोलोनोस्कोपी करके आंत की सफाई की गई थी। इसके बाद सेहत में सुधार होने पर डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी थी। 

    कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने ट्वीट किया, “मुलायम सिंह यादव जी की बिगड़ती सेहत के बारे में सुनकर हम सब चिंतित हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए कामना कर रहे हैं।”