Hassan Lok Sabha Elections 2024 Rahul Gandhi on Prajwal Revanna
राहुल गांधी और प्रज्वल रेवन्ना (सोजन्यः सोशल मीडिया)

राहुल गांधी ने गुरूवार को आरोप लगाया कि कर्नाटक की हासन लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद और जनता दल सेक्युलर नेता प्रज्वल रेवन्ना ने 400 महिलाओं से दुष्कर्म किया है।

Loading

शिवमोगा/रायचूर (कर्नाटक): कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने गुरूवार को आरोप लगाया कि कर्नाटक (Karnataka) की हासन लोकसभा सीट (Hassan Lok Sabha Election 2024) से मौजूदा सांसद और जनता दल सेक्युलर (जद-एस) नेता प्रज्वल रेवन्ना (Prajwal Revanna) ने 400 महिलाओं से दुष्कर्म किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) पर रेवन्ना के देश से भागने में मदद करने का भी आरोप लगाया।

गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि प्रज्वल और उनके पिता एवं पूर्व मंत्री एच डी रेवन्ना की गतिविधियों के बारे में भाजपा के एक नेता द्वारा उन्हें लिखे गए पत्र के बाद वह मामले से अवगत थे। शिवमोगा और रायचूर के जिला मुख्यालय शहरों में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री को ‘सेक्स स्कैंडल’ के बारे में जानकारी थी और वह कुछ ही सेकंड में प्रज्वल को गिरफ्तार करा सकते थे, लेकिन उन्होंने प्रज्वल को देश से भागने दिया।

पूर्व प्रधानमंत्री एवं जद (एस) के वरिष्ठ नेता एच. डी. देवेगौड़ा के पोते प्रज्वल रेवन्ना महिलाओं का यौन शोषण करने के आरोपों का सामना कर रहे हैं। राज्य सरकार ने इस पूरे प्रकरण की जांच कराने के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है। हासन से सांसद 33 वर्षीय प्रज्वल से कथित रूप से जुड़े कई अश्लील वीडियो एवं तस्वीरें हाल के दिनों में वायरल हुई हैं। हासन लोकसभा सीट से प्रज्वल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रत्याशी हैं जहां पर 26 अप्रैल को मतदान हुआ था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं जनता दल सेक्युलर (जदएस) का पिछले साल सितंबर में गठबंधन हुआ था।

गांधी ने कहा कि भाजपा के एक नेता ने शाह को पत्र लिखकर कहा था कि प्रज्वल महिलाओं के साथ बलात्कार कर रहा है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। कांग्रेस नेता ने पूछा, ‘‘यदि अमित शाह यह जानते थे, तो प्रधानमंत्री भी यह जानते थे। मोदी उसे (प्रज्वल) क्यों बचा रहे हैं, उसे राजनीति में क्यों आगे बढ़ा रहे हैं, उसके लिए वोट क्यों मांग रहे थे।” उन्होंने कहा कि शाह को प्रज्वल के बारे में जानकारी होने के बावजूद उन्हें देश से भागने दिया गया। गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘सीबीआई, सीमा शुल्क और ईडी जैसी तमाम एजेंसियां उनके पास थीं। प्रधानमंत्री को इसके बारे में पता था, वह उसे (प्रज्वल को) एक सेकंड में गिरफ्तार करा सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया और उसे भागने दिया।”

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कर्नाटक की महिलाएं जानती हैं कि आपने प्रज्वल रेवन्ना को बचाया, क्योंकि आप सत्ता और गठबंधन चाहते थे। देश को नियंत्रित करने वाले दो लोगों प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने उसका (प्रज्वल का) बचाव किया।” उन्होंने कहा, ‘‘हमारी और उनकी (भाजपा) विचारधारा में यही अंतर है। वे (भाजपा) सत्ता के लिए कुछ भी कर सकते हैं। कोई सीमा नही है। उनमें कोई सच्चाई नहीं है। महिलाओं के दुख-दर्द से कोई मतलब नहीं है।” गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को देश की हर महिला को जवाब देना होगा कि उन्होंने प्रज्वल का बचाव क्यों किया और उन्हें देश से भागने क्यों दिया गया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अब कर्नाटक का दौरा करने से डर रहे हैं और दावा किया कि ‘‘उन्होंने सभी जन सभाएं रद्द कर दी हैं और भाग गए हैं”। गांधी ने कहा, ‘‘प्रिय प्रधानमंत्री, कर्नाटक से मत भागिए। यहां आएं और देश को प्रज्वल रेवन्ना के बारे में बताएं।” कांग्रेस नेता ने कहा कि गृह मंत्री को इसके बारे में पता था और उन्होंने कार्रवाई नहीं की, जो एक आपराधिक अपराध है। उन्होंने कहा कि उनके (अमित शाह) खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए क्योंकि पीड़ितों में 16 साल से कम उम्र की नाबालिग लड़कियां भी थीं।

गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘प्रधानमंत्री को देश की माताओं और बहनों से माफी मांगनी चाहिए। प्रज्वल रेवन्ना ने 400 महिलाओं से दुष्कर्म किया है और उनका वीडियो बनाया। यह ‘सेक्स स्कैंडल’ नहीं है बल्कि व्यापक पैमाने पर किया गया दुष्कर्म है।” उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने कर्नाटक में मंच से एक बलात्कारी का समर्थन किया। उन्होंने (मोदी ने) कर्नाटक में कहा कि अगर आपने बलात्कारी के पक्ष में मतदान किया तो इससे मुझे मदद मिलेगी।” गांधी ने कहा, ‘‘कर्नाटक की सभी महिलाओं से प्रधानमंत्री जब मत देने को कहें तो उन्हें जानना चाहिए कि प्रज्वल ने क्या किया?” उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रत्येक नेता को पता था कि प्रज्वल ‘बलात्कारी’ है और इसके बावजूद उनका समर्थन किया और जद(एस) के साथ गठबंधन किया।

गांधी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने भारत की प्रत्येक महिला का अपमान किया है। प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के सभी नेताओं को देश की प्रत्येक महिला से माफी मांगनी चाहिए।” उन्होंने कहा कि दुनिया के किसी नेता ने ‘बलात्कारी’के पक्ष में मतदान करने की अपील नहीं की है। गांधी ने कहा, ‘‘पूरी दुनिया में खबर है कि प्रधानमंत्री ने ‘बलात्कारी’ के पक्ष में मतदान करने की अपील की। यह भाजपा की विचारधारा है। वे गठबंधन करने के लिए तैयार रहते हैं और सत्ता के लिए सब कुछ करते हैं।”

(एजेंसी)