hijacked vessel MV Ruen
ANI Photo

Loading

नई दिल्ली. भारतीय नौसेना (Indian Navy) ने सोमवार को हाईजैक जहाज एमवी रुएन (Hijacked Vessel MV Ruen) से एक घायल चालक दल के सदस्य बचाने में मदद की। वह समुद्री लुटेरों (Pirates) की गोलीबारी (Firing) में घायल हो गया था। इस मामले की जानकारी एएनआई ने मंगलवार को एक एक्स पोस्ट में दी थी।

भारतीय नौसेना ने बयान में कहा, “भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस कोच्चि ने हाईजैक जहाज एमवी रुएन से चालक दल के एक सदस्य को बचाने में मदद की, जो समुद्री डाकुओं की गोलीबारी में गोली लगने से घायल हो गया था। भारतीय नौसेना ने समुद्री डाकुओं के साथ बातचीत की और घायल चालक दल की रिहाई सुनिश्चित की।”

बयान में कहा गया, “पीड़ित को प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया और बाद में भारतीय नौसेना द्वारा विशेषज्ञ उपचार के लिए ओमान के एक बंदरगाह पर छोड़ दिया गया। चालक दल के कंधे के पास गोली लगी है। हाईजैक जहाज सोमालिया के जलक्षेत्र में प्रवेश कर गया है। भारतीय नौसेना उभरती स्थिति पर नजर रख रही है।”

बयान में आगे कहा गया, “चालक दल के सदस्य को चोटें आई थीं लेकिन उसकी हालत स्थिर बताई गई है। भारतीय नौसेना समुद्र में नाविकों को सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।”

शनिवार को कहा गया था कि एमवी रुएन द्वारा प्रसारित संकट कॉल के जवाब में, भारतीय नौसेना ने संकटग्रस्त जहाज का पता लगाने और उसकी सहायता के लिए अपने एक नौसेना समुद्री गश्ती विमान को तैनात किया था। संकटग्रस्त जहाज पर शुरुआत में चालक दल के 18 सदस्य सवार थे।