Mansukh Mandaviya
Photo: @ANI/ Twitter

    Loading

    नई दिल्ली: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि, कल मुझे राजस्थान के 3 सांसदों ने पत्र लिखा था कि राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा में गए हुए कई लोगों को कोविड पॉजिटिव पाया गया है। हिमाचल CM भी भारत जोड़ो यात्रा में गए थे, उसमें कोविड पॉजिटिव पाए गए।  

    स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा कि, मैंने राहुल गांधी और अशोक गहलोत को पत्र लिखकर इस बारे में बताया। भारत सरकार का स्वास्थ्य मंत्री होने के नाते यह मेरा दायित्व है कि देश में कोरोना ना फैले। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि, राजस्थान में कोविड-19 न फैले, यह सुनिश्चित करने के लिए मैंने विशेषज्ञों से विचार किया और राहुल गांधी को पत्र लिखा है कि भारत जोड़ो यात्रा में कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया जाना चाहिए।

    मंत्री ने आगे कहा कि, यह सुनिश्चित करना मेरी ड्यूटी है कि देश में कोविड-19 न फैले। अगर कोई ये सोचता है कि कोई मंत्री उनसे सवाल कैसे कर सकता है, तो हम उनकी मानसिकता का क्या कर सकते हैं? इस पर मुझसे सवाल करना मेरे कर्तव्य पालन में बाधा डालने जैसा है।

    क्या पीएम मोदी ने कोरोना प्रोटोकॉल का पालन किया था?

    राहुल गांधी को लिखी चिट्ठी को लेकर कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने सवाल करते हुए कहा कि, मैं भाजपा से पूछना चाहता हूं कि क्या प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात चुनाव के दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पालन किया था?’ अधीर रंजन ने आगे कहा कि, मुझे लगता है कि मनसुख मंडाविया को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पसंद नहीं आ रही है, लेकिन लोग इसे पसंद कर रहे हैं और इसमें शामिल हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा, मंडाविया को जनता का ध्यान हटाने के लिए नियुक्त किया गया है।

    कार्ति चिदंबरम का सवाल 

     दूसरी तरफ कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने भी मनसुख मंडाविया पर इस पत्र को लेकर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि, मैंने पत्र नहीं देखा है, लेकिन आज कोविड प्रोटोकॉल कहां और क्या हैं? ऐसा लगता है कि अब सार्वजनिक समारोहों में लागू करने योग्य COVID प्रोटोकॉल नहीं हैं। भारत जोड़ो यात्रा पर अचानक इतना ध्यान क्यों दिया गया? 

    केवल राहुल गांधी और भारत जोड़ो यात्रा ही क्यों?- पवन खेड़ा

    कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भी मंडाविया से सवाल करते हुए कहा, उन्होंने प्रश्न किया, ‘‘ केवल राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी और भारत जोड़ो यात्रा ही क्यों? क्या उसने (सरकार ने) संसद सत्र स्थगित कर दिया ? ..यदि प्रत्यक्ष संसद सत्र चल सकता है, यदि जनाक्रोश यात्रा हो सकती है, यदि कर्नाटक में भाजपा की यात्रा निकल सकती है, यदि विमान यात्रा में मास्क लगाना अनिवार्य नहीं है तो आपकी नजर राहुल गांधी और भारत जोड़ो यात्रा पर ही क्यों है?” खेड़ा ने कहा, ‘‘ कृपया, कोविड नियमों की घोषणा कीजिए। हम सभी कोविड नियमों का पालन करेंगे।” 

    ‘…लेकिन मंत्री ने गांधी को पत्र लिख दिया’

     वहीं, जयराम रमेश ने कहा कि, स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण द्वारा राज्यों को सभी कोविड-19 मामलों की जिनोम सिक्वेंसिंग सुनिश्चित करने के लिए लिखा गया पत्र ‘‘न कोई परामर्श है और न ही चेतावनी।” उन्होंने कहा कि लेकिन मंत्री ने गांधी को पत्र लिख दिया।

    पत्र में मंडाविया ने क्या कहा?

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने राहुल गांधी को लिखे पत्र में कहा हैकि, “चूंकि कोरोनावायरस महामारी एक सार्वजनिक आपात स्थिति है। इसलिए भारत जोड़ो यात्रा को स्थगित करने पर फैसला लिया जा सकता है।” उन्होंने सलाह देते हुए कहा, “राजस्थान में चल रही भारत जोड़ो यात्रा में कोविड गाइडलाइंस का सख्ती से पालन होना चाहिए। मास्क और सैनिटाइजर का उपयोग कराया जाए और सुनिश्चित हो कि सिर्फ कोरोना के प्रति वैक्सीनेटेड लोग ही इस यात्रा में हिस्सा लें। यात्रा में जुड़ने से पहले और बाद में यात्रियों को आइसोलेट किया जाए।” इसी चिट्ठी में मंडाविया ने आगे कहा कि अगर कोरोनावायरस प्रोटोकॉल का पालन करना संभव नहीं हो तो सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल की स्थिति को ध्यान में रखते हुए कोविड महामारी से देश को बचाने के लिए भारत जोड़ो यात्रा को देशहित में स्थगित करने का अनुरोध है।