dumka

    Loading

    दुमका (झारखंड). झारखंड (Jharkhand) के दुमका (Dumka) जिले में अवैध प्रेम संबंध के आरोप में एक विवाहित महिला और पुरुष को ग्रामीणों ने गांव में कथित तौर पर निर्वस्त्र लगभग एक किलोमीटर तक घुमाया। पुलिस ने मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

    दुमका के पुलिस अधीक्षक अंबर लकड़ा ने  बताया कि घटना दुमका मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मयूरनाचा गांव की है, जबकि विवाहेतर संबंध का आरोपी पुरुष पड़ोसी कुलहड़िया गांव का रहनेवाला है। महिला और पुरुष दोनों ही विवाहित हैं और ऐसा कहा जा रहा है कि उनके आपस में विवाहेतर संबंध हैं।

    मिलने पहुंचा था प्रेमी 

    ख़बरों की मानें तो  मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में विवाहित महिला से मिलने के लिए उसका प्रेमी पहुंचा था। तभी गांव वालों को इसकी भनक लगी। जिसके बाद ग्रामीणों ने प्रेमी को पकड़ लिया और बाद में महिला और उसके प्रेमी को निर्वस्त्र कर करीब एक किलोमीटर तक घुमाया। पुलिस को घटना की जानकारी मिली तो पुलिस निरीक्षक उमेश राम पूरी टीम के साथ गांव में पहुंचे। इसके बाद दोनों को ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त कराकर थाने लाया गया।

    मुफस्सिल थाना प्रभारी उमेश राम ने बताया कि अवैध प्रेम-प्रसंग के आरोप में सोमवार शाम दोनों श्रमिक युवक-युवती को निर्वस्त्र गांव में घुमाया गया। दोनों ने मंगलवार सुबह मुफस्सिल थाना पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। अंबर लकड़ा ने बताया कि घटना के संबंध में मुफस्सिल थाने में दोनों पीड़ितों ने लगभग 50 लोगों के खिलाफ मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज करायी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया।

    पुलिस की कड़ी कारवाई

    इन गिरफ्तार होने वालों में ग्राम प्रधान सामुधन किस्कू,खन्दू मुर्मू,दीवान मुर्मू,गच्छा मुर्मू,गोपिन मुर्मू ,किरण किस्कू शामिल हैं। इसके साथ ही 50 से 60 लोगों पर अज्ञात मामला दर्ज किया गया है।बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ हर हालत में कार्रवाई की जायेगी।