लालू प्रसाद यादव (फोटो सौजन्य: एएनआई)
लालू प्रसाद यादव (फोटो सौजन्य: एएनआई)

राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कहा कि मंडल कमीशन मैंने लागू किया था। आरक्षण सामाजिक आधार पर होता है धर्म के आधार पर नहीं होता है। अटल बिहारी वाजपेयी ने संविधान समीक्षा आयोग बनाया था।

Loading

पटना: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) अध्यक्ष लालू प्रसाद (Lalu Prasad Yadav) ने मंगलवार को कहा कि वह मुसलमानों को आरक्षण का लाभ देने के पक्षधर हैं। लालू ने मुसलमानों को आरक्षण (Muslim Reservation) का लाभ दिए जाने की वकालत करते हुए आरोप लगाया कि केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) संविधान और लोकतंत्र को खत्म करके आरक्षण समाप्त करना चाहती है।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कहा, “मंडल कमीशन मैंने लागू किया था। आरक्षण सामाजिक आधार पर होता है धर्म के आधार पर नहीं होता है। अटल बिहारी वाजपेयी ने संविधान समीक्षा आयोग बनाया था। तीसरे चरण का रूख हमारे पक्ष में है। 400 पार की बात ये मनोवैज्ञानिक दबाव के लिए बोल रहे हैं। ये लोग 200 भी नहीं पार कर रहे हैं। ये लोग दलित पिछड़ा विरोधी हैं।”

प्रसाद यहां विधान परिषद परिसर में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा संविधान और लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है। यह बात जनता के जेहन में आ चुकी है।” प्रसाद विधान परिषद परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में भाग ले रहे थे जहां उनकी पत्नी राबड़ी देवी ने विधान पार्षद (एमएलसी) के रूप में शपथ ली। शपथ लेने वाले अन्य लोगों में मुख्यमंत्री और जद (यू) प्रमुख नीतीश कुमार भी शामिल थे। इस साल की शुरुआत में हुए बिहार विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव में कुल 11 लोग निर्विरोध चुने गए।

जब उनसे भाजपा के इस आरोप के बारे में पूछा गया कि अगर कांग्रेस, राजद और अन्य सहयोगी सत्ता में आए तो ओबीसी के आरक्षण में कटौती कर इसे मुसलमानों को दे दिया जाएगा, प्रसाद ने कहा, ‘‘मुसलमानों को आरक्षण तो मिलना ही चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा चुनावी रैलियों में ‘‘जंगल राज” का हौवा खड़ा कर लोगों को डराने में लगी हुई है। राजद सुप्रीमो ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘‘अबकी बार 400 पार” नारे पर कटाक्ष करते हुए दावा किया कि चुनाव परिणाम विपक्षी गठबंधन ‘‘इंडिया” के पक्ष में रहेंगे।

(भाषा इनपुट के साथ)