PM Modi in Bihar

Loading

पटना/ नई दिल्ली: बिहार में एनडीए में लोकसभा सीटों को लेकर समझौता हो गया है। जानकारी के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी यहां पर 17 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी,  जबकि नीतीश कुमार कि जनता दल को 16 सीट मिली है, वहीं चिराग पासवान कि लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) को पांच सीटें मिली है। जबकि  ‘हिंदुस्तान आवाम मोर्चा को 1 और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी एक सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

भाजपा महासचिव और पार्टी के बिहार मामलों के प्रभारी विनोद तावड़े  ने कहा कि बिहार में भाजपा 17 लोकसभा सीट और जद (यू) 16 सीट, उपेन्द्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा एक सीट तथा जीतन राम मांझी की पार्टी ‘हम’ एक सीट पर चुनाव लड़ेगी। विनोद तावड़े  ने कहा कि बिहार के लिए राजग के सीट बंटवारा समझौते के तहत हाजीपुर लोकसभा सीट चिराग पासवान की पार्टी को दी गई।  

बिहार में एनडीए सीट बंटवारे पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा, “लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 5 सीटें दी गई हैं। हम बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटें जीतेंगे।”

यहां से चुनाव लड़ेगी BJP

तावड़े के मुताबिक, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, औरंगाबाद, मधुबनी, अररिया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, महाराजगंज, सारण, अजियारपुर, बेगूसराय, नवादा, पटनासाहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर और सासाराम से भाजपा के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।

जदयू को मिली ये सीटें 

उन्होंने कहा कि वाल्मीकिनगर, सीतामढ़ी, झंझारपुर, सुपौल, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, गोपालगंज, सीवान, भागलपुर, बांका, मुंगेर, नालंदा, जहानाबाद और शिवहर से जद(यू) के उम्मीदवार मैदान में होंगे। 

LJP यहां से ठोंकेगी ताल 

तावड़े ने कहा कि लोजपा (रामविलास) के हिस्से वैशाली, हाजीपुर, समस्तीपुर, खगड़िया और जमुई की सीट गई है, जबकि गया से ‘हम’ और काराकाट से राष्ट्रीय लोक मोर्चा का प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा।  

सात चरणों में 40 लोकसभा सीट पर मतदान 

बिहार की 40 लोकसभा सीट पर कुल सात चरणों में मतदान होगा। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक, लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल से एक जून के बीच सात चरणों में होंगे। मतगणना चार जून को होगी। लोकसभा चुनाव 2019 में ‘मोदी की सुनामी’ में भाजपा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जद(यू) और दिवंगत राम विलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) को संयुक्त रूप से 39 सीट पर जीत मिली थी। राज्य में राजग का मत प्रतिशत 53 से अधिक था, जो विपक्षी ‘महागठबंधन’ को मिले मतों से लगभग 20 प्रतिशत ज्यादा था।

रामविलास पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी 2020 में उनके निधन के बाद दो हिस्सों में बंट गई। उनके भाई पशुपति पारस राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) और उनके बेटे चिराग पासवान लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का नेतृत्व करते हैं। दोनों भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा हैं। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने शुक्रवार को कहा था कि वह हाजीपुर सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे।

साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि उनकी पार्टी के अन्य सांसद उन सीट से चुनाव लड़ेंगे, जहां से वे 2019 के लोकसभा चुनाव में विजयी हुए थे। भाजपा पर उनकी पार्टी के साथ न्याय नहीं करने का आरोप लगाते हुए पारस ने संकेत दिया था कि वह राजग से बाहर निकल सकते हैं। उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी कहीं भी जाने को ‘स्वतंत्र’ हैं और उनके ‘दरवाजे खुले हुए हैं’। उन्होंने कहा था कि वह बिहार में राजग उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करेंगे और उसके बाद भावी कदम के संबंध में कोई निर्णय लेंगे।