CM N Biren Singh
File Photo

Loading

नई दिल्ली. मणिपुर से मिली बड़ी खबर के अनुसार यहां के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा है कि, मणिपुर सरकार ने एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के सदस्यों के खिलाफ एक FIR दर्ज की है। दरअसल उनके अनुसार ये मणिपुर राज्य में और अधिक झड़पें पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।

गौरतलब है कि एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया (EGI) ने शनिवार को जारी अपनी रिपोर्ट में कहा था कि इस बात के स्पष्ट संकेत हैं कि संघर्ष के दौरान राज्य का नेतृत्व पक्षपातपूर्ण हो गया। रिपोर्ट में अपने निष्कर्ष सारांश में कई टिप्पणियों के बीच कहा गया है, “इसे जातीय संघर्ष में पक्ष लेने से बचना चाहिए था, लेकिन यह एक लोकतांत्रिक सरकार के रूप में अपना कर्तव्य निभाने में विफल रही, जिसे पूरे राज्य का प्रतिनिधित्व करना चाहिए था।”

वहीं इंफाल स्थित सामाजिक कार्यकर्ता एन शरत सिंह ने बीते 7 से 10 अगस्त तक मणिपुर आए तीन लोगों – सीमा गुहा, संजय कपूर और भारत भूषण – के खिलाफ पहली सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज की। जानकारी मिली है कि, इस FIR में EGI अध्यक्ष का भी आरोपी के रूप में उल्लेख किया गया है। FIR में कहा गया है कि EGI  रिपोर्ट में चुराचांदपुर जिले में एक जलती हुई इमारत की तस्वीर को “कुकी हाउस” के रूप में कैप्शन दिया गया है।

इस बाबत मणिपुर CM एन.बीरेन सिंह ने स्पष्ट किया कि, “मणिपुर सरकार ने एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के सदस्यों के खिलाफ FIR दर्ज की है जो मणिपुर राज्य में और अधिक झड़पें पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।”  

साथ ही CM बीरेन ने EGI को चेतावनी देते हुए कहा कि, ”मैं एडिटर्स गिल्ड के सदस्यों को भी चेतावनी देता हूं, अगर आप कुछ करना चाहते हैं तो मौके पर जाएं, जमीनी हकीकत देखें, सभी समुदायों के प्रतिनिधियों से मिलें और फिर जो तथ्यात्मक मिले उसे प्रकाशित करें। अन्यथा, केवल कुछ वर्गों से मिलना और किसी निष्कर्ष पर पहुंचना अत्यधिक निंदनीय है। राज्य सरकार ने एडिटर्स गिल्ड के सदस्यों के खिलाफ FIR दर्ज की है जो मणिपुर राज्य में और अधिक झड़पें पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।”