Lalu Yadav and Nitish Kumar
PTI Photo

    Loading

    नई दिल्ली. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Bihar CM Nitish Kumar) और राजद नेता लालू प्रसाद यादव (RJD Chief Lalu Prasad Yadav) ने रविवार को दिल्ली में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) से मुलाकात की। इस दौरान तीनों नेताओं के बीच 2024 के चुनाव को लेकर बातचीत हुई। लालू ने बैठक के बाद कहा कि सोनिया गांधी कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव खत्म होने के बाद विपक्षी दलों की बैठक बुलाएंगी।

    राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने कहा कि, “हमें बीजेपी को हटाना है और देश को बचाना है। उसके लिए हम सभी को एक साथ आना होगा जिस तरह से हमने बिहार में बीजेपी को हटाया था। हमारी सोनिया गांधी से बातचीत हुई है। कांग्रेस पार्टी को नया अध्यक्ष मिलने के बाद उन्होंने हमें 10-12 दिनों के बाद फिर से मिलने के लिए कहा।”

    वहीं, बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा, “हम दोनों ने सोनिया गांधी से बातचीत की। हमें एकजुट होकर देश की प्रगति के लिए काम करना है। उनके पार्टी अध्यक्ष का चुनाव है इसके बाद आगे की बात होगी।”

    इस बीच भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने विपक्ष की एकता की संभावना पर सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि, “क्या नीतीश कुमार कांग्रेस और केजरीवाल को एक साथ बैठा सकते हैं? क्या नीतीश कुमार ओपी चौटाला और कांग्रेस को एक साथ कर सकते हैं?”

    मोदी ने कहा कि, “क्या केरल के अंदर CPM और कांग्रेस को एक साथ बैठा सकते हैं? केरल में कांग्रेस कह रही है CPM को कि वे केरल में BJP की A टीम है। अलग-अलग दलों का अपना अलग-अलग स्वार्थ है हर राज्य की राजनीतिक परिस्थितियां अलग हैं.. ये चाह कर भी सभी दलों को एक नहीं कर सकते हैं।”