With CAA in place the process of unlocking biometrics can begin Himanta, Assam
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ANI Photo

Loading

गुवाहाटी/नई दिल्ली: मणिपुर के मुद्दे पर संसद में घमासान जारी है। विपक्ष ने मणिपुर को लेकर केंद्र की मोदी सरकार को घेर लिया है। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने मंगलवार (8 अगस्त) को लोकसभा में केंद्र के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत करते हुए मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा था। अब इस पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पलटवार किया है। 

‘…तब उनका ज्ञान देखना’

असम के मुख्यमंत्री हिमंत सरमा ने मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि जब अविश्वास प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोलेंगे तब उनका ज्ञान देखना। हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, ”आप बताइये कि कब प्रधानमंत्री ने पूर्वोत्तर क्षेत्र को नजरअंदाज किया है? उन्होंने 60 बार पूर्वोत्तर का दौरा किया है। वह सबकुछ जानते हैं। वह हर चीज का मार्गदर्शन कर रहे हैं। हमें पता है कि वह कमान में हैं और जब पीएम अविश्वास प्रस्ताव पर जवाब देंगे तब उनका ज्ञान देखना, तब आपको अहसास होगा कि मेरे और उनके दिल में क्या है…”

सीएम ने कहा, “वह (अमित शाह) मणिपुर में तीन रात रुके। अमित शाह हर दिन मणिपुर के लोगों से मिल रहे हैं। वह (मणिपुर के) सीएम और अन्य नेताओं को एक दिन में कम से कम 10-15 बार फोन करते हैं।”

पूर्वोत्तर में कांग्रेस के हाथ खून से रंगे हैं 

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, सीएम सरमा ने कहा कि वह साफ तौर पर कहना चाहते हैं कि स्वतंत्रता के समय से उनके क्षेत्र में कई विवादों का हल इसलिए हो सका क्योंकि शुरुआती वर्षों में कांग्रेस पार्टी की ओर से गलत नीतियों को अपनाया गया। मुख्यमंत्री हिमंत शर्मा ने कहा कि पूर्वोत्तर में समुदायों ने रातोंरात लड़ाई शुरू नहीं की, कांग्रेस इस स्थिति के लिए जिम्मेदार है। उन्होंने आरोप लगाया कि चाहे नगालैंड, मिजोरम, असम, मणिपुर हो या पूर्वोत्तर के अन्य क्षेत्र हों, कांग्रेस के हाथ खून से रंगे हुए हैं।

 मणिपुर केवल कांग्रेस की दोषपूर्ण नीतियों के कारण रो रहा है

मणिपुर मुद्दे पर असम के सीएम हिमंत बिस्वा कहते हैं, “कांग्रेस को सोचना चाहिए और विश्लेषण करना चाहिए कि पूर्वोत्तर क्षेत्र के लोगों के प्रति उनकी गलत नीति और गलत दृष्टिकोण के कारण मणिपुर जल रहा है और इसकी पूरी जिम्मेदारी उनकी है।” असम के सीएम कहा, ”बीजेपी केवल मुद्दे को सुलझाने की कोशिश कर रही है। मणिपुर केवल कांग्रेस की दोषपूर्ण नीतियों के कारण रो रहा है।”