Prakash Singh Badal and Narendra Modi
File Photo

Loading

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री व शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता प्रकाश सिंह बादल के निधन पर शोक जताया और कहा कि उन्होंने ना सिर्फ पंजाब की प्रगति के लिए अथक प्रयास किये, बल्कि देश के विकास में भी बहुत योगदान दिया।

मोदी ने एक ट्वीट में कहा, “प्रकाश सिंह बादल के निधन से अत्यंत दुखी हूं। वह भारतीय राजनीति के एक विशाल व्यक्तित्व और एक उल्लेखनीय राजनेता थे। उन्होंने हमारे राष्ट्र के विकास में बहुत योगदान दिया। उन्होंने पंजाब की प्रगति के लिए अथक प्रयास किया और महत्वपूर्ण समय के दौरान राज्य को नेतृत्व दिया।”

बादल के निधन को व्यक्तिगत क्षति बताते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने कई दशकों तक उनके साथ निकटता से बातचीत की है और उनसे बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने कहा, “मुझे हमारी कई बातचीत याद है, जिसमें उनकी बुद्धिमत्ता हमेशा स्पष्ट रूप से झलकती थी। उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति संवेदना।”

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बादल के निधन पर दुःख व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट किया, “पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन का दुखद समाचार मिला… वाहेगुरु दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और परिवार को दुख सहने की शक्ति दें.. वाहेगुरु वाहेगुरु”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी बादल के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “श्री प्रकाश सिंह बादल आजादी के बाद से सबसे बड़े राजनीतिक दिग्गजों में से एक थे। हालाँकि सार्वजनिक सेवा में उनका अनुकरणीय करियर काफी हद तक पंजाब तक ही सीमित था, लेकिन देश भर में उनका सम्मान किया जाता था। उनका निधन एक शून्य छोड़ देता है। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।”

https://twitter.com/rashtrapatibhvn/status/1650899579494121481 

गौरतलब है कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के प्रमुख प्रकाश सिंह बादल (95) का मंगलवार को निधन हो गया। वह मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। अस्पताल के अधिकारियों और पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बादल को मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में करीब एक सप्ताह पहले सांस लेने में परेशानी होने की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया था। अस्पताल के अधिकारियों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बादल ने रात करीब आठ बजे अंतिम सांस ली। उन्होंने बताया कि बादल अस्पताल की अति गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती थे। (एजेंसी इनपुट के साथ)