हिमाचल का मौसम (डिजाइन फोटो)
हिमाचल का मौसम (डिजाइन फोटो)

Loading

शिमला: हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के 12 जिलों में से सात जिलों में सोमवार के लिए भारी से बहुत भारी बारिश होने, बर्फबारी और ओलावृष्टि के अलावा बिजली गिरने तथा तेज हवाएं चलने का रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने रविवार को यह जानकारी दी। वहीं देश के अन्य राज्यों (India Weather Update) में भी मौसम के हाल बिगड़ने के अनुमान है। 

मौसम विभाग कार्यालय ने रविवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, लाहौल और स्पीति, किन्नौर और शिमला जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया। इन जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि बारिश और बर्फबारी के कारण बिजली तथा पानी की आपूर्ति एवं संचार जैसी आवश्यक सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

ऐसा रहेगा मौसम 

प्राप्त जानकारी के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ ने शनिवार से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित किया है, जिससे कुल्लू-मनाली तथा लाहौल और स्पीति के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई है। रोहतांग में अटल सुरंग के पास बर्फबारी के वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं। मौसम विभाग ने 20 फरवरी के लिए कुछ जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी, 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के अलावा अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने का येलो अलर्ट भी जारी किया है।

हिमाचल प्रदेश में बारिश (File Pic)

राज्य में दिन के तापमान में भारी गिरावट देखी गई और धौलाकुआं में अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लाहौल और स्पीति जिले का केलांग इलाका सबसे ठंडा रहा, जहां रात का तापमान शून्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

यहां भी बिगड़ेगा मौसम 

दिल्ली (Delhi): मौसम विभाग की माने तो दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में मौसम एक बार फिर करवट लेगा। आज ठंडी हवा के साथ कोहरा छाया रहेगा जबकि अनुमान है आने वाले दिनों में राजधानी के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। 

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh): UP के कई शहरों में कोहरे का प्रकोप देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ, अयोध्या से लेकर कानपुर तक कोहरे छाया रहेगा। आज भी घना कोहरा छाया रहा। वहीं, अगले एक-दो दिनों तक हल्का कोहरा व आंशिक बदली रह सकती है।

बिहार (Bihar): बिहार में ठंड और कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की माने तो आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। सुबह-शाम ठंड का ज्यादा प्रभाव दिखेगा। 

(एजेंसी इनपुट के साथ)