Sam Pitroda Resigns After Racial remarks
सैम पित्रोदा

नस्लवादी टिप्पणी पर विवाद के बीच सैम पित्रोदा ने बुधवार को इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

Loading

नई दिल्ली. नस्लवादी टिप्पणी पर विवाद के बीच सैम पित्रोदा (Sam Pitroda) ने बुधवार को इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (Indian Overseas Congress) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है। उनके इस फैसले को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) ने स्वीकार कर लिया है।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, “सैम पित्रोदा ने अपनी मर्जी से इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से हटने का फैसला किया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने उनके फैसले को स्वीकार कर लिया है।”

पित्रोदा ने क्या कहा था
पित्रोदा ने एक पॉडकास्ट में कहा, “हम 75 साल से बहुत सुखद माहौल में रह रहे हैं, जहां कुछ लड़ाइयों को छोड़ दें तो लोग साथ रह सकते हैं।” पित्रोदा ने सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित इस साक्षात्कार में कहा, “हम भारत जैसे विविधता से भरे देश को एकजुट रख सकते हैं। जहां पूर्व के लोग चीनी जैसे लगते हैं, पश्चिम के लोग अरब जैसे दिखते हैं, उत्तर के लोग गोरों और दक्षिण भारतीय अफ्रीकी जैसे लगते हैं।” उन्होंने कहा, “इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, हम सभी बहन-भाई हैं। भारत में अलग-अलग क्षेत्र के लोगों के रीति-रिवाज, खान-पान, धर्म, भाषा अलग-अलग हैं, लेकिन भारत के लोग एक-दूसरे का सम्मान करते हैं।”

PM मोदी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर बोला हमला
राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले सैम पित्रोदा के इस बयान के बाद सत्तारूढ़ भाजपा कांग्रेस पर हमलावर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “मैं बहुत गुस्से में हूं आज दोस्तों! मुझे कोई गाली दे, मुझे गुस्सा नहीं आता है। मैं सहन कर लेता हूं। लेकिन आज शहजादे के फिलॉस्फर ने इतनी बड़ी गाली दी है, जिसने मुझमें गुस्सा भर दिया है।”

चमड़ी के रंग के आधार पर देशवासियों का अपमान
राहुल गांधी की चुनावी रैलियों में संविधान की प्रति का प्रदर्शन करने का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि संविधान सिर पे लेकर ‘नाचने वाले’ लोग, चमड़ी के रंग के आधार पर देशवासियों का अपमान कर रहे हैं। मोदी ने कहा, “शहजादे आपको जवाब देना पड़ेगा। चमड़ी के रंग के आधार पर मेरे देशवासियों का अपमान मेरा देश सहन नहीं करेगा और मोदी तो कतई नहीं करेगा।” मोदी ने यह भी कहा कि उन्हें अब पता चला है कि मुर्मू की इतनी प्रतिष्ठा होने के बावजूद कांग्रेस ने राष्ट्रपति चुनाव में उन्हें हराने की कोशिश क्यों की थी।

उन्होंने स्पष्ट तौर पर सैम पित्रोदा के संदर्भ में कहा, “मुझे आज पता चला कि शहजादे के एक अंकल अमेरिका में रहते हैं। चाचा उनके दार्शनिक और मार्गदर्शक हैं।” उन्होंने कहा, “शहजादे के दार्शनिक और मार्गदर्शक चाचा ने एक बड़ा राज खोला है। उन्होंने कहा कि जिनकी त्वचा का रंग सांवला है, वे सभी अफ्रीका के हैं।”

मोदी ने आरोप लगाया कि इसका मतलब है कि उन्होंने (पित्रोदा) त्वचा के रंग के आधार पर देश के कई लोगों का अपमान किया है। मोदी ने कहा कि त्वचा का रंग कोई भी हो, देशवासी भगवान श्री कृष्ण की पूजा करते हैं, जिनकी त्वचा का रंग भी हम सभी की तरह था। (एजेंसी इनपुट के साथ)