Sanjay Singh released from Tihar Jail

Loading

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के नेता और सांसद संजय सिंह बुधवार (3 अप्रैल) को तिहाड़ जेल से बाहर आ गए हैं, कल यानी मंगलवार को शराब घोटाला मामले में सुप्रीम कोर्ट ने छह माह बाद जमानत दे दी है। इससे कुछ देर पहले ही जेल में उनकी रिहाई का ऑर्डर पहुंचा था। रिलीज आर्डर पोहचने बाद जेल प्रशासन औपचारिकताएं पूरी करने में जुट गया था। जेल से बाहर आने के बाद संजय सिंह ने कहा कि जेल के ताले टूटेंगे, केजरीवाल, सिसोदिया और सत्येंद्र जैन छूटेंगे। उन्होंने कहा, “यह संघर्ष का समय है। अरविंद केजरीवाल जिंदाबाद। जेल में बंद हमारे नेता भी जल्द बाहर आएंगे। यह जश्न मनाने का नहीं बल्कि संघर्ष का समय है। जेल के ताले टूटेंगे, हमारे सारे नेता छूटेंगे।”

बताया जा रहा है कि जमानत पर बाहर आने के बाद संजय सिंंह सबसे पहले दिल्ली मुख्यमंत्री आवास जाएंगे। उसके बाद वह पार्टी ऑफिस में जाकर आप कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। जानकारी के लिए बता दें कि सुप्रीम कोर्ट में शराब घोटाला मामले में बंद संजय सिंह को 6 माह बाद मंगलवार (2 अप्रैल)को जमानत दे दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि जमानत की शर्तें निचली अदालत तय करेंगी। हालांकि स्वास्थ्य समस्या के चलते कल उनकी बाहर आने की औपचारिकताएं पूरी नहीं हो सकी थीं। वहीं, संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह बुधवार सुबह जमानत प्रक्रिया पूरी करने के लिए कोर्ट पहुंची और दो लाख रुपये का निजी मुचलका और इतनी ही राशि की जमानत राशि जमा करा दी। जिसके बाद संजय सिंह सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुरूप सभी कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद तिहाड़ जेल से रिहा हो गए।

रिहाई के बाद सिंह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता से मिलने के लिए उनके आवास रवाना हो गए। इससे पहले सिंह को वसंत कुंज के आईएलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दोपहर करीब 1:30 बजे अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्हें जमानत की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए वापस तिहाड़ जेल ले जाया गया। मंगलवार को सिंह नियमित जांच के लिए आईएलबीएस गए थे लेकिन उन्हें भर्ती कर लिया गया। अस्पताल में ही उन्हें उनकी जमानत की खबर मिली। संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह ने कहा कि वह उनकी रिहाई का जश्न नहीं मनाएंगी क्योंकि केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन समेत पार्टी के नेता अब भी जेल में बंद हैं।