ANIL-VIJ
पूर्व मंत्री अनिल विज दुखी

Loading

नई दिल्ली/अंबाला: लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) के बीच हरियाणा के पूर्व मंत्री अनिल विज (Anil Vij) का दर्द छलक ही गया। दरअसल बीते बुधवार को उन्होंने कहा कि, कुछ लोगों ने उन्हें अपनी ही पार्टी में बेगाना बना दिया है। अंबाला कैंट से छह बार के विधायक विज ने बिना किसी का नाम लिए यहां कहा, ‘‘माना कुछ लोगों ने मुझे मेरी पार्टी में ही बेगाना बना दिया है, परंतु कई बार बेगाने अपनों से भी ज्यादा काम कर जाते हैं।”

दरअसल वह अंबाला संसदीय सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उम्मीदवार बंतो कटारिया के नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले एक सभा को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले बीते मार्च में मनोहर लाल खट्टर के स्थान पर नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाए जाने के बारे में पार्टी द्वारा अवगत नहीं कराए जाने को लेकर विज के नाराज होने की खबरें उठी थीं।

इतना ही नहीं सैनी के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में विज को शामिल तक नहीं किया गया। जिसके चलते BJP के वरिष्ठ नेता विज ने बीते मार्च में हुए सैनी के शपथ ग्रहण समारोह से भी अपनी दूरी बना ली थी। उन्होंने लोकसभा चुनाव में अपना चुनाव प्रचार अंबाला छावनी निर्वाचन क्षेत्र तक ही सीमित रखा है। प्रचार के दौरान विज ने लोगों से अपील की कि अगर उन्हें लगता है कि उन्होंने अंबाला छावनी का विकास किया है तो वे इस चुनाव में अपनी ताकत दिखाएं और भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया को भारी मतों से विजयी बनाएं।

बंतो कटारिया पूर्व केंद्रीय मंत्री रतन लाल कटारिया की पत्नी हैं। रतन लाल अंबाला से सांसद थे। पिछले साल उनका निधन हो गया था। विज ने अपने भाषण के दौरान ‘INDIA’ गठबंधन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उनके पास न तो कोई नेता है और न ही कोई नीति बची है। जब विज यहां अंबाला छावनी में सभा को संबोधित कर रहे थे तो सैनी और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी मौजूद थे।