Assam News, Congress MP, Rahul Gandhi, Hindi News
Rahul Gandhi

Loading

असम: राज्य जोरहाट जिले (Assam News) में एक नई घोषित सरकारी योजना के फॉर्म लेने के लिए एकत्र हुईं सैकड़ों ग्रामीण महिलाएं कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) से मिलने के लिए कतारों से बाहर निकल गईं। बता दें, गांधी क्षेत्र में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ (Bharat Jodo Nyay Yatra) का नेतृत्व कर रहे हैं।

गांधी दोपहर में पड़ोसी शिवसागर जिले से मरियानी शहर पहुंचे और उन्होंने देखा कि सैकड़ों ग्रामीण महिलाएं योजना के लिए फॉर्म लेने के लिए नाकाचारी क्षेत्र में एक सरकारी केंद्र पर कतारों में खड़ी हैं।

कतारों से बाहर निकल आई महिलाएं

गांधी के काफिले को गुजरते देख सभी महिलाएं अपनी कतारों से बाहर निकल आईं और कांग्रेस सांसद से मिलने के लिए सड़क की ओर दौड़ पड़ीं। जैसे ही काफिला रुका और गांधी बस से बाहर आए कई महिलाएं उनकी ओर गईं व पैर छुए, लेकिन उन्होंने (गांधी ने) उन्हें ऐसा करने से रोकने की कोशिश की। 

इसके बाद महिलाओं ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने का आग्रह किया जिस पर वह तुरंत सहमत हो गए। आगे बढ़ने से पहले गांधी ने उनके साथ कुछ समय बिताया और उनका हालचाल पूछा।

कांग्रेस महासचिव ने शेयर किया वीडियो

बाद में  यात्रा में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर वीडियो साझा किया। रमेश ने कहा, ‘‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा के पांचवें दिन मरियानी में असम के मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के वास्ते एकत्र हुई महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ राहुल गांधी से मुलाकात की। असम के लिए न्याय शुरू हो गया है!”

 

14  जनवरी से शुरू यात्रा

कांग्रेस सांसद के नेतृत्व में 6,713 किलोमीटर की यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई और यह 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी। असम में यह यात्रा 25 जनवरी तक जारी रहेगी। ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ 15 राज्यों के 110 जिलों से होकर गुजरेगी।