वजन घटाने में मुरमुरे आते हैं काम, जानिए इसके और फायदे

    Loading

    -सीमा कुमारी

    मुरमुरे (Puffed Rice) खाना हर कोई पसंद करता है। यूं तो मुरमुरे से कई डिशेज बनाए जाते हैं। जैसे- भेलपुरी, झालपूरी, चिक्की, लड्डू और पोहा आदि। लेकिन, क्या आप मुरमुरे के फायदों के बारे में जानते हैं ? अगर नहीं, तो जान लीजिए कि मुरमुरे केवल स्वाद को ही बूस्ट नहीं करते बल्कि सेहत को बूस्ट करने में भी अच्छी भूमिका निभाते हैं। आइए जानें इसके फायदों के बारे में-

    डाइट एक्सपर्ट्स के अनुसार, मुरमुरे हड्डियों को मजबूत बनाने में भी मददगार साबित हो सकते हैं। एक शोध के अनुसार, मुरमुरे में पर्याप्त मात्रा में कैल्शियम और पोटेशियम जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो हड्डियों को स्वस्थ व मजबूत बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में मुरमुरे का सेवन करना सेहत के लिए बेहद फायदेमंद हो सकता हैं।

    मुरमुरे का सेवन करने से शरीर में एनर्जी लेवल बढ़ता हैं। मुरमुरे में भरपूर मात्रा में कार्बोहाइड्रेट होता हैं। शरीर कार्ब्स को ग्लूकोज़ में बदलता है जो एनर्जी का मेन सोर्स होता हैं। ये शरीर में 60-70 प्रतिशत एनर्जी की ज़रूरत को पूरा करने में मदद कर सकते हैं।

    मुरमुरे के सेवन से शरीर में पोषक तत्वों की भी पूर्ति होती है। दरअसल, इसमें आयरन, फॉस्फोरस, पोटेशियम, जिंक, कैल्शियम जैसे और भी कई मिनरल्स मौजूद होते हैं। इसके अलावा मुरमुरे में विटामिन-बी, थियामिन, राइबोफ्लेविन, नियासिन व पैंटोथैनिक एसिड भी होते हैं, जो आपके शरीर को हेल्दी बनाते हैं।

    मुरमुरे सेहत के साथ-साथ स्किन के लिए भी फायदेमंद होते हैं। जी हां, यह आपके त्वचा संबंधी समस्याओं को भी दूर करने में सहायक हैं। एक शोध के मुताबिक मुरमुरे में पर्याप्त मात्रा में विटामिन-B होता है। यह विटामिन स्किन प्रॉब्लम को दूर करने के लिए बेहद ही कारगर है।

    मुरमुरे में कैलोरी की मात्रा बहुत कम होती है जिसके चलते इसका सेवन वजन को कंट्रोल करने में मदद करता है। साथ ही इसमें डाइटरी फाइबर भी काफी मात्रा में होता है जिसकी वजह से इसको खाने के बाद पेट काफी देर तक भरा महसूस होता है और भूख कम लगती है।

    एक्सपर्ट्स का मानना है कि, जिन लोगों का इम्यून सिस्टम कमजोर होता है, वे किसी भी बीमारी की चपेट में आसानी से आ जाते हैं। ऐसे में आप भोजन में मुरमुरे को शामिल कर इम्यून सिस्टम को बूस्ट कर सकते हैं। दरअसल, मुरमुरे में विटामिन, मिनरल और फाइटोकेमिकल्स भरपूर मात्रा में होते हैं, जो कई बीमारियों से बचाने में मदद कर सकते हैं।