गणपति बप्पा को इन वस्तुओं का लगाएं भोग,पूरी होंगी मनोकामनाएं

    Loading

    सीमा कुमारी

    नई दिल्ली : भादो महीने की ‘गणेश चतुर्थी'(Ganesh Chaturthi) इस साल 10 सितंबर, शुक्रवार को  मनाई जाएगी। हर साल इस पर्व को देशभर में बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस उत्सव की धूम चारों ओर दिखाई देती है। हर कोई मंगलमूर्ति को घर लाने की तैयारी कर रहा है। विघ्नहर्ता गणेश जी की घर में स्थापना कर दूर्वा चढ़ाने से लेकर उन्हें भोग लगाने तक, ये 10 दिन बेहद खास हैं।

    ऐसे में सबसे ज्यादा लोगों को इस चीज की चिंता होती है कि वो रोजाना किन-किन चीजों का भोग लगाकर विघ्नहर्ता गणेश जी को प्रसन्न कर सकते हैं। आइए जानें आप गणपति को भोग में कौन कौन सी चीजें चढ़ा सकते हैं-

    • ज्योतिष-शास्त्र के मुताबिक, मोदक (Modak) गणेशजी का सबसे प्रिय भोग कहा जाता है। अगर आप मोदक बना रहे हैं, तो इस बात का ख्याल रखें कि वो नारियल और गुड़ का बना हो। क्योंकि, नारियल और गुड़ का बना मोदक गणेश जी को सबसे ज्यादा पसंद है।
    • गणेशजी को भोग में श्रीखंड भी बहुत प्रिय है। गुजरात में तो उनके भक्त मोदक के अलावा श्रीखंड का भोग बप्पा को जरूर लगाते हैं। ऐसे में आप भी बप्पा को प्रसन्न करने के लिए श्रीखंड का भोग लगा सकते हैं।
    • भगवान श्रीगणेश को गुड़ और घी भी बहुत प्रिय है। इसलिए आप गुड़ और घी को एक साथ मिलाकर भी भगवान को भोग लगा सकते हैं।
    • मंगलमूर्ति को केले का शीरा भी बहुत प्रिय है। इसके लिए बस आप केले को मैश करें और शीरा बनाकर उसमें मैश किया हुआ केला और सूजी मिलाएं। ये भोग भी गणपति को बहुत ज्यादा पसंद है।
    • मोतीचूर के लड्डू न केवल गणेश जी को बल्कि उनके मूषक को भी बहुत पसंद है। इसलिए आप मोदक के अलावा मोतीचूर के लड्डू का भी भोग गणपति को लगा सकते हैं।
    • पूरन पोली को भी गणपति को भोग लगा सकते हैं। ये भी उनके प्रिय भोग में से एक है।
    • भगवान गणेश को रवा पोंगल भी बहुत प्रिय है। रवा पोंगल को सूजी और मूंग की दाल का बनाया जाता है। इसके लिए बस आप मूंग की दाल को पीस लें और उसमें सूजी के अलावा कई सारे ड्राई फ्रूट्स मिला सकते हैं।
    • भगवान श्रीगणेश को पायसम भी बहुत प्रिय है। ये खीर की तरह ही लगभग होता है। इसका भोग लगाने से भी गणपति प्रसन्न हो जाते हैं।
    • मोतीचूर के लड्डू और मोदक के अलावा गणेश जी को नारियल और चावल भी प्रिय है। इसके लिए बस आपको नारियल के दूध में चावल डालकर पकाना होगा। जैसे ही ये पक जाए तो उसका भोग गणेश जी को लगाएं।

    56 भोगों में से कुछ भी बनाकर गणपति को भोग लगाए। किसी भी आम आदमी के लिए 56 भोग बनाना तो मुश्किल है। ऐसे में आप 56 भोग में से कोई एक चीज बनाकर मंगलमूर्ति को भोग लगा सकते हैं।