आज साल का अंतिम चंद्र ग्रहण, जानें कब कहां और कैसे दिखेगा, ‘इस’ वक्त शुरू होगा सूतक

Loading

नवभारत डिजिटल टीम: आज यानी 28 अक्टूबर 2023, शनिवार को इस साल का आखिरी आंशिक चंद्र ग्रहण (The last Chandra Grahan ) है। ये चंद्र ग्रहण भारत में भी दिखाई देगा। जी हां भारत के कई हिस्सों में साल का आखिरी चंद्र ग्रहण देखा जा सकेगा। भारत में यह ग्रहण 28 अक्टूबर की देर रात 01 बजकर 06 मिनट पर दिखना शुरू होगा और 02 बजकर 22 मिनट पर समाप्त होगा। आइए जानते है भारत में कहां- कहां दिखेगा यह चंद्रग्रहण… 

कहां दिखेगा चंद्र ग्रहण 

यह ग्रहण भारत में नई दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद, कोलकाता, वाराणसी, कानपुर, लखनऊ और प्रयागराज समेत भारत के कई शहरों में देखा जा सकेगा। भारत के अलावा यह ग्रहण पश्चिमी प्रशांत महासागर, ऑस्ट्रेलिया, एशिया, यूरोप, अफ्रीका, पूर्वी दक्षिणी अमेरिका, उत्तरी-पूर्वी एवं उत्तरी अमेरिका, अटलाण्टिक महासागर, हिन्द महासागर, दक्षिणी प्रशांत महासागार में दिखायी देगा।ज्योतिष और धार्मिक दृष्टि से ग्रहण का बड़ा महत्व है। इसका अलग-अलग प्रभाव सभी राशियों पर होता है। आइए अब जानते है की कब लगने वाला है सूतक काल। 

कब लगेगा सूतक 

दरअसल सूतक काल (Sutak) चंद्रग्रहण के 9 घंटे पहले से प्रारंभ हो जाता है। ऐसे में इस बार चंद्रग्रहण का सूतक काल आज 02 बजकर 52 मिनट पर शुरू होगा। 

चंद्रग्रहण की दो अवस्थाएं 

अधिक जानकारी के लिए आपको बता दें कि चंद्रग्रहण को पृथ्वी की छाया में आ रहे चंद्रमा की दो अवस्थाओं के रूप में पहचाना जाता है। जब वह पृथ्वी के आंशिक रूप से छाया वाले हिस्से में प्रवेश करता है, तो इसे उपछाया ग्रहण कहा जाता है और उस वक्त चंद्रमा की रोशनी आंशिक रूप से दिखाई देती है। वहीं, चंद्रमा की रोशनी में बदलाव ज्यादा दिखाई नहीं देता। इस चरण के बाद चंद्रमा पृथ्वी की छाया के अधिक गहरे हिस्से में आंशिक रूप से प्रवेश करता है, जिसे पूर्ण चंद्रग्रहण कहा जाता है और ज्यादातर लोग इसे असली ग्रहण मानते हैं।