cow
Reprsentative Image

    Loading

    सीमा कुमारी

    नई दिल्ली: हिंदू धर्म के प्रमुख त्योहार में से एक दिवाली का त्योहार है। इस वर्ष 24 अक्टूबर, सोमवार के दिन दीपावली पर्व मनाया जाएगा। वैसे तो दिवाली मां लक्ष्मी को प्रसन्न करके उनकी कृपा प्राप्त करने का त्योहार है। दिवाली पर मां लक्ष्मी का स्वागत विधि विधान से पूजा-अर्चना के साथ किया जाता है। पूजन करके मां लक्ष्मी का आह्वान किया जाता है। धार्मिक मान्यता अनुसार, दिवाली के दिन यदि कुछ चीजों के दर्शन हो जाए तो यह बहुत ही शुभ माना जाता है।

    ऐसा कहा गया है कि इनके दिखने से घर-परिवार की सुख-समृद्धि बनी रहती है और साल भर पैसों की तंगी नहीं रहती। यह भी कहा जाता है कि इनका दिखना मां लक्ष्मी के घर आगमन का सूचक होता है। आइए जानें उन चीजों के बारे में-

    ज्योतिष-शास्त्र के अनुसार, कई बार बिल्ली का दिखाई देना अशुभ माना जाता है। लेकिन दीपावली के दिन यदि बिल्ली घर पर अचानक आ जाए तो समझ जाइए कि माता लक्ष्मी की कृपा आप पर बरसने वाली है और व्यक्ति के भाग्य खुलने वाले हैं। वैसे तो छिपकली घर में अक्सर दिख ही जाती है। अगर यह दीपावली की रात को घर में कहीं दिख जाए तो यह काफी शुभ परिणाम देने वाला माना जाता है। दीपावली पर छिपकली का दिखना मां लक्ष्मी के प्रसन्न होने का सूचक माना जाता है।

    वास्तु-शास्त्र के मुताबिक, दीपावली की रात को अगर आपको घर में कहीं छछूंदर दिख जाए तो खुश हो जाइए। छछूंदर आती है, तो अपने साथ पैसे भी लाती है। इसे देखने पर भगाएं नहीं और अपने रास्ते जाने दें। हिंदू धर्म में केसरिया रंग और गाय का बड़ा ही महत्व है। गाय को मां के समान माना जाता है और उनकी पूजा भी की जाती है। लेकिन, क्या आपने कभी केसरिया रंग की गाय देखी है। शायद आप नहीं जानते होंगे कि शकुन शास्त्र में भी ‘केसरिया गाय’ देवत्व का प्रतीक मानी गई हैं और अगर दीपावली पर इनके दर्शन हो जाएं तो यह समृद्धि का संकेत लेकर आता है।

    दिवाली के दिन उल्लू का दिखाई देना बहुत ही शुभ माना जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि उल्लू लक्ष्मी जी का वाहन है। इसलिए उल्लू के दिखने से धन-ऐश्वर्य की प्राप्ति होगी, इसका संकेत मिलता है।