Holi 2023

Loading

सीमा कुमारी-

रंगों का त्योहार ‘होली’ (Holi) इस वर्ष 8 मार्च को है। होली मुख्य रूप से रंगों का त्योहार है और रंगों का हमारे जीवन में बहुत ज्यादा महत्व है। रंग जीवन में न सिर्फ खुशहाली लाते हैं बल्कि जीवन के कई पहलुओं में मिठास भी जोड़ते हैं।

इस दिन लोग एक दूसरे को रंग और गुलाल से सराबोर कर देते हैं। हर किसी के चेहरे लाल, हरे, गुलाबी रंग या गुलाल से रंगे होते हैं। ज्योतिष-शास्त्र के अनुसार, रंग सुख, सौभाग्य और खुशहाली के प्रतीक माने जाते हैं। इस साल होली के अवसर पर आप वास्तु अनुसार रंगों का चयन करके अपनी किस्मत को चमका सकते हैं। आइए जानें, वास्तु-शास्त्र के अनुसार, किन रंगों से होली खेलने से सुख और सौभाग्य (Happiness And Good Luck) में वृद्धि होती हैं।

वास्तु-शास्त्र के अनुसार, यदि आप चाहते हैं कि आपके बच्चों का दिमाग संतुलित रहे और वो मन लगाकर पढ़ाई करें, तो होली में नीले या पीले रंग में लैवेंडर ऑयल मिलाकर उसका तिलक लगाएं।

पीला रंग

ऐसा माना जाता है कि पीला रंग विद्या की देवी सरस्वती को आकर्षित करता है इसलिए होली में इस रंग के इस्तेमाल से बच्चों का मन पढ़ाई में लगता है।पीले रंग से होली खेलने पर प्रेम, सौंदर्य, आनंद में वृद्धि होती है। पीला रंग भगवान श्रीकृष्ण को बहुत प्रिय है। पीला रंग गुरु ग्रह का भी प्रतिनिधि है। इसके प्रयोग से सफलता, यश और कीर्ति में वृद्धि होती है। यदि किसी से रिश्तों में खटास हो, तो उसके साथ पीले रंग से होली खेलें। यह निराशा को दूर करता है। पीला रंग उत्तर-पूर्व दिशा का प्रतीक है।

हरा रंग-गुलाल

हरा रंग या गुलाल से होली खेलने से सुख, समृद्धि, प्रेम, तरक्की और सेहत में वृद्धि होती है।    हरे रंग को समृद्धि, प्रेम, प्रगति और सकारात्मकता का प्रतीक माना जाता है। कहते हैं हरे रंग के प्रयोग से बुध ग्रह मजबूत होता है। निर्णय क्षमता, बुद्धि, विवेक में वृद्धि होती है। बिजनेस में तरक्की मिलती है। प्रेम संबंधों को मजबूत करने के लिए भी आप हरे रंग से होली खेल सकते है। इस रंग से जीवन में शांति आती है। हरा रंग उत्तर दिशा का प्रतीक माना जाता है।

गुलाबी रंग

अगर आप अपने घर के सदस्यों के बीच आपसी प्यार की बहुतायत चाहते हैं या प्रियजनों के साथ होली खेलना चाहते हैं, तो आप लाल या गुलाबी रंग का उपयोग कर सकते हैं और कुछ गुलाब की पंखुड़ियां इन रंगों के साथ जोड़ सकते हैं। इन रंगों का इस्तेमाल करीबी रिश्तेदारों के बीच और ज्यादा प्रेम बढ़ाने में मदद करते हैं और रिश्तों के बीच आयी दूरी को कम करते हैं।

नीला रंग

नीला रंग से होली खेलने पर आरोग्य की प्राप्ति होती हैं। बीमार लोगों को आप नीले गुलाल लगा सकते हैं। नीला रंग शनि देव का भी प्रतीक हैं। इसके प्रयोग से शनि देव की भी कृपा प्राप्त कर सकते हैं।