CM शिवराज ने कोरोना पर दिखाई सख्ती, महाराष्ट्र से सटी सीमाएं की सील, छत्तीसगढ़ से आने-जाने पर लगी रोक

    Loading

    भोपाल. कोरोना (Coronavirus) ने एक बार फिर से पूरे देश को अपनी चपेट में ले लिया है। देश के अलग-अलग हिस्सों से लगातार कोरोना के बढ़ते मामलों की खबरें सामने आ रही हैं। वहीं, महाराष्ट्र (Maharashtra) और छत्तीसगढ़, (Chhattisgarh) मध्य प्रदेश समेत कई शहर कोरोना के गढ़ बनते जा रहे हैं। कोरोना महामारी के बढ़ते मामलों को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार सख्ती बरत रही है। बता दें कि, शिवराज सरकार ने महाराष्ट्र से सटी राज्य की सीमा को सील कर दिया है, जबकि छत्तीसगढ़ से आने-जाने पर जल्द ही रोक लगाई जा सकती है।  

    मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shiv Raj Singh) ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि, हमारे पड़ोसी राज्यों में स्थिति बहुत बुरी है, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में स्थिति संकटपूर्ण है। हमने महाराष्ट्र से लगी सीमा को सील कर दिया है और छत्तीसगढ़ से आने-जाने पर भी प्रतिबंध लगाया जाएगा।

    शिवराज सिंह ने कहा कि, देश और राज्य में कोरोना के बढ़ते मामले चिंता का कारण बने हुए है। लोगों को सीख देने के साथ सख्ती लगाना भी बेहद जरूरी है। मास्क ना लगाने पर अब जुर्माना वसूला जाएगा। उन्होंने आगे बताया कि, जिन स्थानों पर रविवार को लॉकडाउन लगाया गया है, वहां रविवार को भी वैक्सीनेशन लगाया जा सकेगा। नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में 45 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति वैक्सीनेशन ले सकेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री ने इंदौर में बढ़ते संक्रमण के मामले को देखते हुए 10 हजार बेड की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं।

    जानकारी हो कि उद्धव सरकार महाराष्ट्र में कोरोना वायरस (Maharashtra Coronavirus) से स्थिति को देखते हुए आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों में जुटी हुई है। अस्पतालों में और बेड और ऑक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। वहीं, पुणे शहर में सभी मॉल और सिनेमा हॉल, रेस्टोरेंट, खाने की दुकानों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। जरूरी सेवाओं के लिए ट्रैवल करने की अनुमति होगी।