Corona Death
PTI Photo

    Loading

    मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) में एक ओर जहां कोरोना वायरस के मामलों (Corona Cases) में गिरावट देखी जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर बढ़ती मौत की संख्या ने सरकार को और टेंशन में डाल दिया है। पिछले 24 घंटे में राज्य में कोरोना संक्रमण से 974 लोगों की मौत हुई है, जिससे राज्य में मृतकों की संख्या बढ़कर 81,486 हो गई, जबकि संक्रमण के 34,389 नए मामले आए।

    राज्य में नए मामलों की संख्या लगातार तीसरे दिन 40,000 से नीचे रही। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि महाराष्ट्र में कुल मामले 53,78,452 तक पहुंच गए हैं। दिन में कुल 59,318 मरीजों को छुट्टी दे दी गई, जिससे महाराष्ट्र में अब तक ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 48,26,371 हो गई है, जबकि राज्य में अब 4,68,109 मरीजों का इलाज चल रहा है। संक्रमितों के ठीक होने की दर 89.74 प्रतिशत है। विभाग ने एक विज्ञप्ति में कहा कि 2,64,587 नई जांच के साथ, महाराष्ट्र में अब तक की गईं जांच की कुल संख्या बढ़कर 3,11,03,991 हो गई है।

    मुंबई में गिरा पॉजिटिविटी रेट

    मुंबई में पिछले 24 घंटे में 1544 नए कोरोना मामले आए। यहां कुल 22,430 नमूनों की जांच की गई जो कि इस महीने सबसे कम है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बताया कि 60 और मरीजों की मौत हो जाने से अब तक कुल 14,260 लोगों की मौत हुई है। नए मामलों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या 6,88,696 हो गई है। 

    बीएमसी के मुताबिक अब तक मुंबई में कोविड-19 के लिए कुल 58,98,605 नमूनों की जांच की गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान 2438 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी मिल गई। मुंबई में अब तक 6,36,753 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। वित्तीय राजधानी में 35,702 उपचाराधीन मरीज हैं और 86 निषिद्ध क्षेत्र हैं। मुंबई में संक्रमण के सबसे ज्यादा 11,163 मामले चार अप्रैल को आए थे। वहीं एक मई को सर्वाधिक 90 लोगों की मौत हुई।

    नागपुर में सुधरे हालात?

    रविवार को नागपुर में कोरोना के मामलों में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई। जिले में पिछले 24 घंटे में 1133 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 30 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। जिले में अब तक कुल 8,550 लोगों ने कोरोना से अपनी जान गवाई है। वहीं संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4,63,243 हो गई। पिछले 24 घंटे में 4,519 लोग कोरोना मुक्त हुए है। जिले में अब तक कुल 4,24,850 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। जिले में आज 15,544 लोगों की कोरोना टेस्ट हुई।