mumbai-rains

    Loading

    मुंबई. मुंबई (Mumbai Rains) और आस पास के इलाकों में बीते शनिवार को रात भर लगातार भारी बारिश (Heavy Rains) के चलते और देर रात हुई लैंडस्लाइड (Landslide) की 2 घटनाओं में 19 लोगों की मौत हो गई। इनमे से 14 लोगों ने चेंबूर इलाके में और 5 ने विक्रोली में अपनी जान इन भयानक हादसों में गंवाई है। इधर चेंबूर हादसे में 16 लोगों को फिलहाल रेस्क्यू किया गया है। यहां पांच मकान ढह गए हैं।

    फिलहाल NDRF की टीम यहाँ से मलबा हटा रही है। यह भयानक हादसा देर रात करीब 12:30 बजे हुआ। जिस वक्त लोग अपने घरों में सो रहे थे. गौरतलब है कि भारी बारिश के कारण शहर में जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो गई है और लोकल ट्रेन सेवा तथा यातायात भी फिलहाल प्रभावित है। 

    कैसे हुआ वाशी नाका हादसा:

    इस घटना पर एक दमकल अधिकारी ने बताया कि मुंबई में माहुल इलाके के वाशी नाका में एक मकान की दीवार ढह जाने से 14 लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि देर रात करीब 12:30 बजे बजे एक पेड़ के गिर जाने से उससे सटी दीवार ढह गई। उन्होंने बताया कि घायलों को पास के राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    गौरतलब है कि चेंबूर में जिस जगह हादसा हुआ वहां बहुत सी संकरी गलियां हैं। यह जगह कुछ ऊंचाई पर भी स्थित  है। जिसके चलते  NDRF की टीम को वहां पहुंचने में मुश्किल आई। हालाँकि एंबुलेंस को तो बस्ती से कुछ बाहर ही खड़ा किया गया। यहां अभी राहत और बचाव का काम चल रहा है। इसमें स्थानीय लोगों की भी मदद ली जा रही है। एक चश्मदीद ने बताया कि हादसा शनिवार रात 12:30 बजे हुआ। मलबे में बच्चे भी दबे थे। हमने कई लोगों को मलबे से निकाला और घायलों को रिक्शे से अस्पताल पहुंचाया गया है।

    विक्रोली में भी बड़ा हादसा :

    इसके साथ ही BMCके एक अधिकारी ने बताया कि भारी बारिश के कारण मुंबई के विखरोली उपनगर में देर रात करीब ढाई बजे भूस्खलन के बाद पांच झोपड़ियों के ढह जाने से उसमें रहने वाले 5 लोगों की मौत हो गई और 5-6 की अब भी फंसे होने की आशंका है । घायलों को निकटवर्ती अस्पताल में भेजा गया है। 

    भारी बारिश के चलते 17 ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित:

    इस भयंकर बारिश को लेकर रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि रात भर हुई भारी बारिश के कारण पटरियों में जलभराव के कारण वित्तीय राजधानी में मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे की उपनगरीय ट्रेन सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है। इस खतरनाक बारिश के चलते  मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में रेल की पटरियों पर पानी जमा हो गया है। इससे 17 ट्रेनों का आवाजाही प्रभावित हुई है।

    जलभराव वाले इलाकों में पंप से पानी हटाने का काम जारी है। इस बारिश ने 26 जुलाई, 2005 को 24 घंटे हुई बारिश के दौरान के 944 मिमी वर्षा होने की याद दिला दी। बारिश के चलते सायन रेलवे स्टेशन के रेल ट्रैक पर पानी भर गया। इसके चलते आज लोकल से आवाजाही भी प्रभावित रहेगी। वहीं, किंग सर्कल पर भी भारी जलभराव हो गया। कांदिवली ईस्ट के हनुमान नगर में भारी बारिश से और भी बुरा बुरा हाल है। यहां लोगों के किचन तक बारिश का पानी पहुंच गया है। ग्राउंड फ्लोर पर फिलहाल लोगों का रहना मुश्किल हो गया है।

    Courtsey: Dr. Rahul Baxi

    क्या कहती है BMC:

    बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अधिकारी ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने भारी बारिश की पृष्ठभूमि में मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसमें ‘ग्रीन’ अलर्ट का अर्थ है कि ‘कोई चेतावनी नहीं’ यानी अधिकारियों को कोई कार्रवाई करने की आवश्यकता नहीं है और यह हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान होता है। ‘रेड’ अलर्ट ‘‘चेतावनी” का संकेत है जो अधिकारियों को ‘‘कार्रवाई करने” के लिए कहता है। ‘ऑरेंज’ अलर्ट बताता है कि अधिकारियों को “तैयार रहना” चाहिए।

    Courtsey: RJ ALOK

    12 घंटों में 120 मि.मी से अधिक बारिश:

    IMD ने आज सुबह जारी अपने बुलेटिन में बताया कि जलवायु परिस्थितियों में अचानक बदलाव के कारण मुंबई में छह घंटे में 100 मिमी से अधिक बारिश हुई। मौसम विभाग ने शहर के लिए बारिश के पूर्वानुमान को ‘ऑरेंज से रेड अलर्ट’ में भी बदल दिया है। आईएमडी ने बताया कि रविवार सुबह साढ़े छह बजे तक मुंबई और आसपास के इलाकों में पिछले 12 घंटों में 120 मिमी से अधिक बारिश हुई। IMD ने अनुमान जताया कि मुंबई में कुछ स्थानों पर ‘‘भारी से बहुत भारी” वर्षा होगी और अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होगी। आईएमडी के अनुसार, अत्यधिक भारी वर्षा का अर्थ है कि 24 घंटों में 204.5 मिमी से अधिक की वर्षा और भारी वर्षा 115.6 मिमी से 204.4 मिमी वर्षा के बीच होती है। शानिवार देर रात तीन बजे जारी बुलेटिन के अनुसार, आईएमडी ने सांताक्रूज में 213 मिमी, बांद्रा में 197.5 मिमी और शहर के कोलाबा में 174 मिमी बारिश दर्ज की। 

    Courtsey: Shadman shaikh

     रेलवे ने किया है ट्वीट :  

    भारी बारिश के बाद पश्चिम रेलवे ने कई जगहों पर जलजमाव के कारण उपनगरीय ट्रेन सेवाओं को स्थगित करने की घोषणा की। पश्चिम रेलवे के मुंबई संभाग के संभागीय रेल प्रबंधक ने ट्वीट किया, ‘‘कई जगहों पर जलजमाव होने के कारण अप और डाउन दोनों दिशाओं में पश्चिम रेलवे की कोई लोकल ट्रेन सेवा इस वक्त नहीं चलेगी।” मध्य रेलवे ने बताया कि दादर, परेल, माटुंगा, कुर्ला, सायन, भांडुप और अन्य स्थानों पर पटरियों में जलभराव के कारण मुख्य लाइन पर सीएसएमटी और ठाणे के बीच ट्रेन सेवाएं स्थगित कर दी गईं।

    मध्य रेलवे के मुख्य प्रवक्ता शिवाजी सुतार ने कहा, ‘‘बांद्रा/गोरेगांव उपनगरीय सेवाओं सहित सीएसएमटी से वाशी तक सेवाएं भी बंद हैं।” पटरियों पर पानी भर जाने के कारण मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे दोनों पर लंबी दूरी की कई ट्रेनें प्रभावित हुईं। महामारी से पहले, मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे दोनों की 3,000 से अधिक उपनगरीय ट्रेन सेवाओं का प्रतिदिन 75 लाख से अधिक यात्री लाभ उठाते थे। महामारी के दौरान उपनगरीय ट्रेन सेवाएं आपातकालीन सेवाओं के कर्मचारियों और सरकारी कर्मचारियों तक ही सीमित हैं।