मुंबई. मुंबई महापालिका क्षेत्र आगामी 27 जून तक लेवल-3 में ही रहेगा, हालांकि आंकड़ों के अनुसार मुंबई लेवल-1 में आ गई है, लेकिन बीएमसी कमिश्नर इकबाल सिंह चहल (BMC Commissioner Iqbal Singh Chahal) ने सोमवार को स्पष्ट किया कि जब तक प्रतिदिन मिल रहे कोरोना के केस (Corona Cases) 500 से नीचे नहीं आते हैं मुंबई (Mumbai) में लेवल-3 (Level-3) के प्रतिबंध ही लागू रहेंगे।
बीएमसी कमिश्नर इकबाल सिंह चहल ने कहा कि मुंबई में एक सप्ताह का पॉजिविटी दर 3.79% ही रहा। जबकि ऑक्सीजन बेड 23.56% भरे हुए हैं। इन आंकड़ों पर विचार करें तो मुंबई लेवल-1 में आती है, लेकिन यह लेवल केवल आंकड़ों में ही है। मुंबई की जनसंख्या घनत्व, भौगोलिक स्थिति और उपनगरों से मुंबई में लोकल के जरिए आने वाले यात्रियों की संख्या और कोरोना टास्क फोर्स की तरफ जताई गई तीसरी लहर की आशंका आदि को देखें तो मुंबई लेवल-1 में है।ऐसा कह सकते हैं फिर भी 27 जून तक मुंबई लेवल-3 में ही रहेगी।
27 जून के बाद स्थिति की समीक्षा की जाएगी
27 जून के बाद कोरोना की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। मुंबई की वर्तमान परिस्थिति पर योग्य चर्चा करने के बाद अगला निर्णय लिया जाएगा। राज्य सरकार की तरफ से घोषित किए गए सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठान को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, मास्क का उपयोग करने सहित अन्य उपाय योजनाओं का पालन करना अनिवार्य रहने वाला है। मुंबई में कोरोना मरीजों का विचार करने पर मुंबई में 21 जून को 733 मरीज मिले थे और 19 मरीजों की मौत हो गई थी। मुंबई का रिकवरी रेट 95%है। मुंबई में अब भी एक्टिव मरीजों की संख्या 14,809 है। इन परिस्थितियों को देखते हुए फिलहाल मुंबई में लेवल-3 के प्रतिबंध लागू रहेंगे।