Hardik Patel PTI
File Photo : PTI

Loading

अहमदाबाद. पाटीदार नेता हार्दिक पटेल को आज गुजरात कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर नियुक्त किया गया हैं। जिसके बाद हार्दिक पटेल ने बड़ा दावा किया हैं। उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि उनकी पार्टी 2022 के गुजरात विधानसभा चुनाव में 120 सीटों के साथ सरकार बनाएंगी। उन्होंने भरोसा दिलाते हुए यह भी कहा कि उनकी पार्टी सभी जाती धर्मों के लोगों के लिए काम करेंगे और भाजपा की तानाशाही से कमजोर लोगों के साथ कांग्रेस खड़ी है।

हार्दिक पटेल ने एक साक्षात्कार में कहा कि, कांग्रेस पार्टी ने मुझे जो जिम्मेदारी दी है उसके लिए मै पार्टी का ध्यानवाद अदा करता हूं। मैं कार्यकर्ता के तौर पर पहले भी काम कर रहा था। मैं धैर्य और धीरज के साथ कांग्रेस पार्टी में लोकतंत्र और संविधान को बचाने के इस मुहीम में जुड़ा था। पार्टी ने जो जिम्मेदारी इतने कम उम्र में दी है, इससे साबित हो गया है कि कांग्रेस पार्टी नवजवानों को प्रभुत्व दे रही है और आगे कर रही है।

पटेल ने कहा, पिछले कई सालों से गुजरात में कांग्रेस की सरकार नहीं बनी हैं। हमारा प्रयास यही रहेगा कि हमें गुजरात के छह करोड़ लोगों तक पहुंचना हैं, गुजरात की प्राथमिक समस्याओं पर बात करना हैं। उन्होंने कहा, मुझे भरोसा है कि सोनिया और राहुल गांधी के नेतृत्व में आने वाले दिनों में हम बिलकुल अच्छी तरह से गुजरात में काम करेंगे। हमारा प्रयास गुजरात के 16,000 गावों में जाना हैं। हम बेरोजगारी, किसान, मंदी, मध्यमवर्गीय परिवारों की तकलीफ, शिक्षा और आरोग्य के मुद्दे पर हम काम करेंगे। कांग्रेस नेतृव्त ने जो मुझपर भरोसा जताया है, मैं उस भरोसे पर खरा उतरूंगा।

कम उम्र में गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा से लड़ने के बारें में पटेल ने कहा कि, उम्र मायने नहीं रखती विचारधारा और मुद्दा मायने रखता है। गुजरात की जनता के लिए यहां के मुद्दे मायने हैं उम्र मायने नहीं। गुजरात की जनता ने सच्चे और अच्छे नेतृत्व पर, पिछले चार से जो भी नवजवान हमारे साथ जुड़े थे उन्होंने कही न कही पंचायत के चुनाव में और 2017 के चुनाव में कांग्रेस पार्टी पर भरोसा किया था। छोटी-मोटी गलतियों से हम 10-12 सीट दूर रह गए थे, नहीं तो हम 2017 में ही सरकार बना सकते थे। मेरी उम्र नवजवानों को अपने और कांग्रेस पार्टी में जुड़ने के लिए काबिल हैं और मुझे भरोसा है कि कांग्रेस के छह करोड़ लोग कांग्रेस पार्टी के साथ खड़े हैं।

पटेल ने गुजरात की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कोरोना वायरस महामारी में गुजरात आरोग्य क्षेत्र में कितना पिछड़ा हुआ हैं वह साबित हो चूका है। हमारा मकसद शिक्षा, आरोग्य, रोजगार और मंदी जैसे मुद्दों पर हैं। तीस साल से भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात में प्राथमिक सुविधा के नाम पर शून्य लगाया हुआ हैं उन समस्याओं का हम समाधान करेंगे। हम सिर्फ विरोध की राजनीति नहीं करेंगे, हम समस्याओं का समाधान की राजनीति करेंगे। हम गुजरात के गावों तक जायेंगे और लोगों से मिलेंगे और उनकी समस्या क्या हैं, उन समस्यायों का समाधान लेकर हम 2022 में आएंगे।

गुजरात कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि, भाजपा की तानाशाही के खिलाफ जनता अभी कमजोर हो चुकी हैं, लेकिन गुजरात की छह करोड़ जनता सरकार के सामने लड़ने के लिए तैयार हैं। आने वाले 2022 हम 120 सीटों के साथ गुजरात में सरकार बनाएंगे। गुजरात कांग्रेस की टीम बहुत मजबूत है और गुजरात कांग्रेस के सभी नेता ईमानदारी से काम करते है। आने वाले दिनों में जनता हमारे साथ खड़ी रहेंगी।

पाटीदार के मुद्दे पर पटेल ने कहा, आज मेरी लड़ाई गुजरात के छह करोड़ लोगों के लिए हैं। मैं वादा करता हूं कि मैं किसी भी पक्षपात और जातिपात को छोड़, सभी समाजों को साथ रखकर काम करना चाहता हूं।