जन्मदिन विशेष :  रोमांचक खेल से सौरव गांगुली ने दुनियाभर में की ‘दादागिरी’

Loading

नई दिल्ली. भारतीय टीम के सफल पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली आज बुधवार को अपना 48वां जन्मदिन मना रहे हैं। 8 जुलाई 1972 को कोलकाता के बेहाला में जन्मे गांगुली  ‘प्रिंस ऑफ कोलकाता’, ‘रॉयल बंगाल टाइगर’ ‘दादा’ नाम से मशहूर हैं। क्रिकेट जगत में गांगुली का नाम सफल और आक्रामक कप्तानी के लिए जाना जाता है। भारतीय क्रिकेट को नई पहचान दिलाने में गांगुली की अहम भूमिका रही हैं, उन्होंने विदेशी सरजमीं पर भारत को जीतना सिखाया हैं।  

गांगुली ने 1992 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना डेब्यू किया था। अपनी आक्रामक कप्तानी का लोहा मनवा चुके गांगुली (131 रन) ने 1996 में लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर शानदार सेंचुरी से अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की। 113 टेस्ट मैचों में गांगुली ने 7212 और 311 वनडे खेलने के बाद उन्होंने 11363 रन रन बनाए। भारत की ओर से वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा स्कोर 183 उनके नाम है।

​पाक के खिलाफ दोहरा शतक

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के बाद गांगुली ने 2007 में पाकिस्तान के खिलाफ 239 रन बनाए थे। बेंगलुरु में खेली गई यह पारी उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का एकमात्र दोहरा शतका है। 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नागपुर में उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच खेला।

 

शर्ट हवा में लहराई 

आज भी गांगुली का एक वाक़्या दर्शकों के दिलो-दिमाग पर छाया हुआ है जब 2002 में टीम इंडिया इंग्लैंड के दौरे पर थी और लॉर्ड्स में नेटवेस्ट ट्रॉफी के फाइनल मैच खेला जा रहा था। 326 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत के लिए युवराज सिंह और मोहम्मद कैफ ने यादगार प्रदर्शन करते हुए टीम को जीत दिलाई। उसी समय लॉर्ड्स की बालकनी में मैच देख रहे गांगुली ने जीत के बाद उत्साह में टी-शर्ट निकाल कर हवा में लहरा दिया। उन्होंने ऐसा एंड्रयू फ्लिंटॉफ को सबक सिखाने के लिए किया था। फ्लिंटॉफ ने भारत दौरे पर मैदान में टी-शर्ट निकाल कर हवा में लहराई थी।

BCCI अध्यक्ष हैं सौरभ गांगुली

पूर्व भारतीय कप्तान गांगुली फिलहाल भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष हैं। इससे पहले वह बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष रहे हैं । चर्चा जारी है  कि आईसीसी प्रमुख बनने की दौड़ में गांगुली का नाम शामिल हैं।