रोहित शर्मा की लगातार 8वीं हार से चर्चा में आए बाबर आजम, जानें मुंबई की शिकस्त से क्या है पाकिस्तानी कप्तान का रिश्ता

    Loading

    मुंबई: बीते रविवार 24 अप्रैल को लखनऊ सुपर जाइंट्स और मुंबई इंडियंस (LSG vs MI) के बीच मुकाबला खेला गया। जहां एक बार फिर मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) को हार का सामना करना पड़ा। मुंबई की इस आईपीएल (IPL 2022) सीजन में लगातार 8वीं हार है। ऐसे में कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) लगातार हार की वजह से शर्मनाक स्थिति में पहुंच गए हैं। उन्हें आईपीएल इतिहास का सबसे सफल कप्तान माना जाता था, लेकिन इस सीजन उनकी और उनकी टीम की स्थिति काफी ख़राब है, जिसकी वजह से उन पर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। 

    रोहित शर्मा इस समय ऐसी स्थिति पर हैं, जहां उनसे पहले कोई अन्‍य कप्‍तान नहीं पहुंचा है। इसी के साथ शर्मा जी की लगातार आठवीं हार के साथ लोगों को अचानक पाकिस्तान (Pakistan) की टीम के कप्तान बाबर आजम (Babar Azam) की याद आ गई है। रोहित शर्मा की हार की वजह से बाबर अब चर्चा में आ गए हैं। अब आपके दिमाग में यह प्रश्न चल रहा होगा कि भला हिटमैन की हार से बाबर का क्या लेना देना है। तो चलिए आपको बताते हैं…

    दरअसल, रोहित शर्मा ऐसे पहले कप्तान नहीं है, जिन्हें टी20 लीग के इतिहास में ऐसी हार का सामना करना पड़ा है। उनसे पहले बाबर आजम भी ऐसी ही स्थिति में आ चुके हैं। पाकिस्तान सुपर लीग 2022 के दौरान बाबर आजम को भी आठ हार के बाद पहली जीत नसीब हुई थी। इस साल वह पीएसएल में कराची किंग्स की कप्तानी कर रहे थे। जहां उन्हें भी शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था। इसी वजह से रोहित शर्मा की हार से लोगों को बाबर आजम की याद आ गई है। 

    पाकिस्तान सुपर लीग में बाबर आजम को लीग क्रिकेट में आठ हार के बाद पहली जीत नसीब हुई थी। ऐसे में यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या रोहित शर्मा को नौवें मैच में जीत मिलेगी या नहीं। खैर यह तो समय ही बताएगा, लेकिन इस समय मुंबई इंडियंस के फैंस काफी निराश हैं। साथ ही वह उम्मीद कर रहे हैं कि कुछ ऐसा हो जाए कि मुंबई इंडियंस जीत दर्ज करे और रोहित शर्मा सम्मान के साथ इस सीजन को खत्म करें।