
नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2022) में बीते रविवार को भारत और साउथ अफ्रीका (IND vs SA) के बीच मैच खेला गया। जहां भारत को करारी हार का सामना करना पड़ा। भारत की इस हार से न केवल उसे बल्कि पाकिस्तान (Pakistan) को भी बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। टीम इंडिया (Team India) की इस हार से पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर (Shoaib Akhtar) आग बबूला हो गए हैं। उन्होंने कुछ ऐसा बोल दिया है, जो अब सोशल मीडिया (Social Media) पर ट्रेंड कर रहा है।
दरअसल, पाकिस्तान टीम इस बार टी20 वर्ल्ड कप 2022 में ख़राब प्रदर्शन से गुजर रही है। वह पहले भारत से, फिर जिम्बाब्वे से हार गई, जिसकी वजह से उसका सेमीफाइनल में पहुंचना इस बात पर निर्भर था कि भारत ग्रुप 2 के अपने सभी मैच जीत ले। साथ ही साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे ग्रुप 2 के अपने दो-दो मैच हार जाए। लेकिन, रविवार को साउथ अफ्रीका ने भारत को हराकर पाकिस्तान के अरमानों पर पानी फेर दिया है।
साउथ अफ्रीका की भारत पर जीत के साथ ही पाकिस्तान की टीम टी20 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है। ऐसे में शोएब अख्तर इस कदर गुस्सा हो गए कि उन्होंने अपने एक बयान से सनसनी मचा दी है। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर टीम इंडिया के खिलाफ जमकर जहर उगला। जो इस समय सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अपने इस वीडियो में शोएब अख्तर ने ने कहा, ‘टीम इंडिया के बल्लेबाज अगर संयम से खेलते तो 150 रन बोर्ड पर लगा सकते थे। टीम इंडिया ने तो हमें मरवा दिया। इन पिचों पर खेलना आसान नहीं है और भारतीय बल्लेबाजों ने बहुत निराश किया है। टीम इंडिया के बल्लेबाज अगर ज्यादा जल्दी नहीं दिखाते तो 150 रन बनाए जा सकते थे और ये टारगेट जीत के लिए काफी होता। लुंगी एनगिडी ने कमाल की गेंदबाजी की। लुंगी एनगिडी के पास ज्यादा गति नहीं, लेकिन उसने शॉर्ट गेंद और सीम के साथ भारतीय बल्लेबाजों के विकेट चटकाए।’
शोएब अख्तर ने आगे कहा, ‘पाकिस्तान की संभावना अब खत्म हो चुकी है। मैंने पहले कहा था कि दक्षिण अफ्रीका भारत और पाकिस्तान को हराने की ताकत रखता है। लेकिन मैं चाहता था कि दक्षिण अफ्रीका को टीम इंडिया हरा दे और हमें मौका मिले। लेकिन अब तो ये लग रहा है कि दक्षिण अफ्रीका हमें भी हरा देगा।’
बता दें कि, भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था। जिसके बाद भारत की शुरुआत काफी खराब थी। लेकिन सूर्यकुमार यादव ने भारत की पारी संभाली। हालांकि, फिर भी भारत स्कोर बोर्ड पर केवल 133 रन ही चढ़ा पाई। जिसके बाद गेंदबाजी भी भारत की इतनी ख़ास नहीं रही। बीते मुकाबले में भारत की फील्डिंग ने काफी निराश किया। जिसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने 5 विकेट से जीत दर्ज की और पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल किया।