नई दिल्ली. पहली बार विश्व कप जीतने का सपना देख रहे लियोनेल मेस्सी की अर्जेंटीना ने रविवार को फीफा विश्व कप 2022 के फाइनल में गत चैंपियन फ्रांस को हरा दिया है। दोनों टीमों बीच विश्व कप फाइनल में अतिरिक्त समय के बाद स्कोर 3-3 से बराबर रहा। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में अर्जेंटीना ने फ्रांस को 4-2 से हरा दिया और 36 साल बाद वर्ल्ड चैंपियन बना है। उसने यह खिताब तीसरी बार अपने नाम किया है। इस सूची में पांच विश्व कप खिताब के साथ ब्राजील पहले स्थान पर है।
मेस्सी के दो गोल और शूटआउट में तीसरे गोल की मदद से अर्जेंटीना ने काइलियान एमबाप्पे की हैट्रिक के बावजूद फ्रांस को हरा दिया। एमबाप्पे विश्व कप में 56 साल में हैट्रिक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बने लेकिन खिताब बचा नहीं सके। वहीं अपना आखिरी विश्व कप खेल रहे मेस्सी की उपलब्धियों पर इस खिताब ने महानता की मुहर लगा दी। डिएगो माराडोना (1986) के बाद उन्होंने अपनी टीम को विश्व कप दिलाकर पेले और माराडोना जैसे महानतम खिलाड़ियों की सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया।
#FIFAWorldCup | Argentina beat defending champion France by 4-2 (3-3 in extra time) on penalties to win FIFA World Cup
(Pic: FIFA World Cup's Twitter Handle) pic.twitter.com/TrzyqFxIrj
— ANI (@ANI) December 18, 2022
तारीफ एमबाप्पे की भी करनी होगी जो भविष्य में अपने नाम कई उपलब्धियां जरूर दर्ज करेंगे। उनके तीन गोल ने एकतरफा दिख रहे इस फाइनल को जीवंत कर दिया। वह 1966 के बाद फाइनल में हैट्रिक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बने लेकिन आज का दिन मेस्सी के नाम था। मैच के बाद मैदान पर माइक्रोफोन में मेस्सी ने कहा, “लेट्स गो अर्जेंटीना।”
मैदान पर भारी तादाद में जमा दर्शकों और दुनिया भर में टीवी के सामने नजरें गड़ाये बैठे फुटबॉल प्रेमियों की सांसें रोक देने वाले रोमांचक मैच में पासा पल पल पलटता रहा। अर्जेंटीना ने 80वें मिनट तक मेस्सी (23वां मिनट) और एंजेल डि मारियो (36वां मिनट) के गोलों के दम पर 2.0 की बढत बना ली थी लेकिन एमबाप्पे ने 80वें और 81वें मिनट में दो गोल करके मैच को अतिरिक्त समय तक खिंच दिया।
अतिरिक्त समय में मेस्सी ने 108वें मिनट में गोल दागा तो एमबाप्पे ने दस मिनट बाद फिर बराबरी करके मैच को पेनल्टी शूटआउट में खींच दिया। शूटआउट में सब्स्टीट्यूट गोंजालो मोंटियेल ने निर्णायक पेनल्टी पर गोल दागा जबकि फ्रांस के किंग्स्ले कोमैन और ओरेलियेन चोउआमेनी गोल करने से चूक गए।
अर्जेंटीना की इस जीत के साथ पिछले चार विश्व कप से यूरोपीय बादशाहत का सिलसिला भी थम गया। आखिरी बार 2002 में ब्राजील ने जापान और दक्षिण कोरिया में विश्व कप जीता था। अर्जेंटीना ने इससे पहले 1978 और 1986 में खिताब जीता था। पिछले साल कोपा अमेरिका जीतने वाली अर्जेंटीना ने लगातार दूसरा बड़ा खिताब जीता है।
विश्व कप खिताब जीतने वाले देशों की सूची।
ब्राजील, पांच बार (1958, 1962, 1970, 1994, 2002)
जर्मनी चार बार (1954, 1974, 1990, 2014)
इटली चार बार (1934, 1938, 1982, 2006)
अर्जेंटीना तीन बार (1978, 1986, 2022)
फ्रांस दो बार (1998, 2018)
उरुग्वे दो बार (1930, 1950)
इंग्लैंड एक बार (1966)
स्पेन एक बार (2010)
(एजेंसी इनपुट के साथ)