छत्तीसगढ़ ने तोड़ा ‘भूपेश का सपना’, भाजपा को दे दी सत्ता की चाबी

Loading

रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 (Chhattisgarh Assembly Election 2023) के लिए रविवार को हो रही मतगणना के रुझानों में भाजपा बहुमत के आंकड़े को प्राप्त करती प्रतीत हो रही है। चुनाव आयोग से मिले आंकड़ों के अनुसार भाजपा 54 सीट पर तथा कांग्रेस 33 सीट पर आगे है। राज्य में सरकार बनाने के लिए किसी भी पार्टी को 46 सीट पर जीत हासिल करनी होगी।  

दोपहर 12 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार भाजपा ने 90 सीटों में से 50 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बना ली थी। वहीं, कांग्रेस 30 के आसपास सिमटी नजर आ रही है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा के सिर जीत का सेहरा सज सकता है और कांग्रेस को विपक्ष की कुर्सी से संतोष करना पड़ेगा। 

किसानों से किया गया वायदा

भाजपा ने चुनाव से पहले घोषणा की कि अगर छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के बाद उनकी सरकार बनती है तो 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी करना सुनिश्चित कराया जाएगा। इसके साथ ही 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान की खरीद की जाएगी। इसके साथ किसानों को एक मुश्त भुगतान भी किया जाएगा। अभी तक देखा जाए तो कांग्रेस सरकार 20 क्विंटल प्रति एकड़ धान ले रही थी और 2800 रुपये का रेट दे रही थी। कांग्रेस के मौजूदा रेट व खरीदी से भाजपा पर ज्यादा भरोसा दिखा।

धार्मिक मुद्दों का असर

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में हिंदुत्व व आदिवासी क्षेत्रों में धर्मांतरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया है। मतांतरण बड़ा मुद्दा उठते ही भाजपा का ग्राफ बढ़ने लगा था। हिंदुत्व, मतांतरण, लव-जिहाद जैसे मुद्दों को लेकर लगातार कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार पर हमले करती रही है। इसीलिए हिंदुवादी संगठनों ने कांग्रेस की जगह भाजपा साथ देना मुनासिब समझा है। 

राज्य में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और बहुजन समाज पार्टी एक-एक सीटों पर आगे चल रही हैं। ऐसा लगता है कि आखिरी परिणाम घोषित होते होते इनका भी खाता खुल जाएगा।  

एक चुनाव अधिकारी ने बताया कि 90 सदस्यीय छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में वोटों की गिनती रविवार सुबह आठ बजे शुरू हुई, सुरक्षाबल के जवान राज्य के 33 जिलों में मतगणना केंद्रों पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं, जिनमें वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ल्यूई) से प्रभावित जिले भी शामिल हैं।  राज्य विधानसभा की 90 सीट के लिए सात और 17 नवंबर को दो चरणों में मतदान हुआ था। मतदान प्रतिशत 76.31 प्रतिशत रहा।