former-gujarat-deputy-cm-nitin-patel-was-injured-when-a-herd-of-cattle-entered-the-tiranga-yatra-in-mehsana

    Loading

    नई दिल्ली: भारत को इस साल 15 अगस्त को आजादी मिलकर 75 साल पूरे हो रहे हैं। इस खास मौके पर देश में अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। भारत सरकार ने ‘हर घर तिरंगा’ (Har Ghar Tiranga) अभियान चलाया है। वहीं, देश के कई राज्यों में ‘तिरंगा यात्रा’ (Tiranga Yatra) निकाली जा रही है। इसी दौरान गुजरात के पूर्व डिप्टी सीएम नितिन पटेल (Nitin Patel)  के साथ हादसा हो गया। वह  मेहसाणा में तिरंगा यात्रा के दौरान घायल हो गए। 

    दरअसल, मवेशियों का एक झुंड ‘तिरंगा यात्रा’ के दौरान जुलूस में घुस गया। जिस वजह से भगदड़ मच गई। इस वजह से नितिन पटेल और कई लोग  घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

    देश की राजधानी दिल्ली में भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर केंद्रीय मंत्रियों के साथ बीजेपी के नेता आज से शुरू हुए तीन दिवसीय ”हर घर तिरंगा” अभियान में शामिल हुए। आज जनता से लेकर सेलेब्स भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल हो रहे हैं। 

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद तिरंगे के साथ अपनी और अपनी पत्नी की तस्वीर ट्विटर पर शेयर की। उन्होंने एक संदेश में कहा, ‘‘तिरंगा हमारा गौरव है। यह हमेशा भारतीयों को एकजुट करता है और प्रेरित करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘हर घर तिरंगा’ के आह्वान पर, आज नयी दिल्ली स्थित अपने आवास पर तिरंगा फहराया और मातृभूमि के लिए अपना सब कुछ बलिदान करने वाले हमारे वीर नायकों को श्रद्धांजलि दी।” 

     गृह मंत्री ने सभी देशवासियों से 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने और “हर दिल में देशभक्ति की भावना जगाने” के इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील की। उन्होंने लोगों से तिरंगे के साथ अपनी तस्वीर निर्दिष्ट वेबसाइट पर अपलोड करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।