गुजरात प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष बने जगदीश ठाकोर

    Loading

    नई दिल्ली: कांग्रेस ने शुक्रवार को पूर्व सांसद जगदीश ठाकोर को अपनी गुजरात इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया। पार्टी के संगठन महाचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने ठाकोर को गुजरात प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया है। 

    ठाकोर ने अमित चावड़ा का स्थान लिया है जिन्होंने कुछ महीने पहले स्थानीय निकाय के चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। आपको बता दें कि इसी साल 2 मार्च को गुजरात के निकाय चुनावों के नतीजे आए थे। इसमें भाजपा को 2,000 से ज्यादा सीटें हासिल हुई थीं, जबकि कांग्रेस महज 600 सीट पर ही जीत हासिल कर पाई थी।

    इस करारी हार की जिम्मेदारी लेते हुए अमित चावड़ा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके अलावा विधानसभा में कांग्रेस के नेता परेश धनानी ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। तब से ही पार्टी को प्रदेश में एक नए अध्यक्ष की तलाश थी। इस रेस में पाटीदार समुदाय के नेता हार्दिक पटेल को भी माना जा रहा था, लेकिन लीडरशिप ने जगदीश ठाकोर पर दांव लगाया है। अब जगदीश ठाकोर गुजरात प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बने है।