Maratha Reservation, Manoj Jarange,CM EKnath Shinde, Maharashtra Politics
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे-मनोज जरांगेपाटिल

Loading

  • सीएम ने की बात, दिया टिकाऊ आरक्षण का भरोसा

लतिकेश शर्मा@नवभारत 
मुंबई: मराठा आरक्षण (Maratha Resrvation) की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे मनोज जरांगे पाटिल (Jarange Patil) ने साफ़ किया है कि वे आधे-अधूरे (Incomplete) आरक्षण (Reservation) को स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि मैंने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) को अपना रुख स्पष्ट किया है कि मराठों के लिए अधूरा आरक्षण स्वीकार्य नहीं होगा। सरकार को समूचे राज्य में मराठाओं के लिए आरक्षण की घोषणा करनी चाहिए। 60-65 प्रतिशत मराठा पहले से ही आरक्षण के दायरे में हैं। सरकार को इसे बढ़ाकर राज्य में शेष मराठाओं को भी इसमें शामिल करना चाहिए। इसके लिए सरकार को विशेष सत्र बुलाना चाहिए। विधेयक पारित करना चाहिए। मंगलवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने जरांगे पाटिल से फोन पर करीब 25 मिनट बात की। उन्होंने पाटिल को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार मराठा आरक्षण को लेकर गंभीरता से काम कर रही है। शिंदे ने कहा कि हम मराठा समाज को टिकाऊ आरक्षण देना चाहते हैं। इसमें थोड़ा समय लगेगा। 

पानी पीना शुरू किया
जरांगे पाटिल ने कहा कि मैंने मराठा समुदाय की इच्छा अनुसार पानी पीना शुरू कर दिया है। हम शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करना चाहते हैं। हमारे दो कार्यक्रम, अनशन और गावों में राजनीतिक दलों के नेताओं के प्रवेश पर प्रतिबंध जारी रहेंगे। जरांगे ने 25 अक्टूबर को दूसरी बार अनशन की शुरुआत की है। 

विशेष सत्र बुलाने की मांग
पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे ने केंद्र से संसद का विशेष सत्र बुलाकर मराठा आरक्षण के मुद्दे को हल करने की मांग की। उन्होंने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि महाराष्ट्र के सभी केंद्रीय मंत्रियों को कैबिनेट बैठक में आरक्षण का मुद्दा उठाना चाहिए। ठाकरे ने केंद्रीय मंत्रियों से भी मराठा आरक्षण की मांग पूरी नहीं होने पर इस्तीफा देने की अपील की। 

अपनी जान को जोखिम में न  डालें
राज ठाकरे (मनसे अध्यक्ष) ने कहा, यहां की राजनीतिक व्यवस्था भयावह है। नेता सिर्फ लोगों से वोट चाहते हैं और एक बार सत्ता में आ जाने के बाद वे सारे वादे भूल जाएंगे। मैं मनोज जरांगे पाटिल से अपील करता हूं कि वे अपनी जान को जोखिम में न डालें। आपसे निवेदन है कि आप अपना अनशन खत्म करें। क्योंकि ऐसे झूठे और लापरवाह लोगों के लिए अपनी जान देना सही नहीं है। मैं और मेरी पार्टी आपके साथ हैं।