Digvijay Singh reached Jammu and Kashmir to take stock of preparations for Bharat Jodo Yatra

Loading

भोपाल. कांग्रेस (Congress) के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) ने शनिवार को कहा कि अगर उनकी पार्टी मध्य प्रदेश में सत्ता में आई तो वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए कथित रूप से जासूसी करने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और बजरंग दल के पदाधिकारियों के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज कराएगी। मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। राज्य में भाजपा 17 दिसंबर 2018 से 20 मार्च 2020 के बीच के 15 महीने को छोड़कर आठ दिसंबर 2003 से करीब 18 साल से सत्ता में काबिज है।

दिग्विजय सिंह ने खंडवा में संवाददाताओं से कहा, “अगर कांग्रेस (मध्य प्रदेश में) सत्ता में आती है तो भ्रष्टाचार के सभी मामले खोले जाएंगे और जिम्मेदारी तय की जाएगी। आईएसआई के लिए जासूसी करने वाले बजरंग दल और भाजपा के लोगों के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया जाएगा। उन्हें जेल भेजा जाएगा।”

उन्होंने भाजपा एवं बजरंग दल के कुछ लोगों पर आईएसआई के लिए जासूसी करने का आरोप लगाया, लेकिन यह नहीं बताया कि वह किस मामले के बारे में बात कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 मई को प्रस्तावित नए संसद भवन का उद्घाटन करने को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा ने एक आदिवासी महिला के देश का राष्ट्रपति बनने का श्रेय लिया, लेकिन वह नहीं चाहती कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नए संसद भवन का उद्घाटन करें।

उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रपति झारखंड में उच्च न्यायालय की बिल्डिंग का उद्घाटन कर सकती हैं लेकिन दिल्ली में रहते हुए नए संसद भवन का नहीं, क्योंकि मोदी हर जगह अपना चेहरा दिखाना चाहते हैं।”

दिग्विजय सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन एक भी किसान को ढूंढना संभव नहीं होगा, जिसकी आय दोगुनी हो गई हो। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि केवल शिवराज सिंह चौहान की आय दोगुनी हुई है। इस पर पलटवार करते हुए प्रदेश भाजपा सचिव रजनीश अग्रवाल ने कहा कि दिग्विजय सिंह को लोगों को डराने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति करती है और विचारधारा के आधार पर लोगों को निशाना साधती है। इससे काम नहीं चलेगा। जनता इस बारे में सब जानती है।” (एजेंसी)