दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह ने प्रियंका गांधी पर साधा निशाना, कहा- भेंट का समय दीजिए, मिलता नहीं है

    Loading

    भोपाल: कांग्रेस (Congress) में नेताओं के बीच असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। नेता लगातार एक दूसरे पर आये दिन नाम लेकर और बीना नाम लेकर आलाकमान पर हमला बोल रहे हैं। इसी क्रम में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और गांधी परिवार के बेहद करीबी दिग्विजय सिंह के भाई और चांचौड़ा से कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह (Lakshman Singh) ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) पर निशाना साधते हुए कहा कि, “भेट का समय दीजिए, मिलता नहीं है।”

    दरअसल, भाई दूज के दिन प्रियंका गांधी ने अपने भाई राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के साथ एक फोटो ट्वीट किया था। इस फोटो में राहुल गांधी अपने गले में कई मेडल डाले हुए थे। इस फोटो के साथ प्रियंका गांधी ने लिखा, 

    मुझे गर्व और खुशी है कि मेरे भाई करुणा, प्रेम और साहस के साथ सच्चाई की लड़ाई लड़ रहे हैं। आप सभी को भाईदूज की हार्दिक शुभकामनाएं। P.S. ये तस्वीर उस समय की है जब मेरे भाई ने निशानेबाजी की प्रतियोगिता में ढेर सारे मेडल जीते थे।

    हम भी निशानेबाज रहे

    प्रियंका गांधी के इस ट्वीट पर लक्ष्मण सिंह ने रिप्लाई करते हुए कहा, “बहुत खूब!! हम भी निशानेबाज रहे हैं। स्कूल में मेडल जीता था।भेंट का समय दीजिए। मिलता ही नहीं है!!”

    गौरतलब है कि लक्षमण सिंह अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं। उनके बयान कई बार अपनी ही कांग्रेस पार्टी पर होते हैं। 2018 में प्रदेश में कमलनाथ सरकार बनने के बाद भी उन्होंने कई बार अपने बयानों से कांग्रेस को असहज स्थिति में ला दिया था। उन्होंने नेताओं की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठा दिया था। पिछले दिनों अपनी विधानसभा में एक रैली के दौरान भी उन्होंने कलेक्टर पर आपत्तिजनक बयान दिया था, जिसमे उन्होंने कहा था कि कलेक्टर की क्या औकात होती है। एक बार फिर कांग्रेस नेता उनके निशाने पर हैं।