Babanrao Gholap Joins Eknath Shinde Shiv Sena
Photo: Eknath Shinde Twitter (@mieknathshinde)

Loading

मुंबई. लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) से पहले उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) को बड़ा झटका लगा है। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और शिवसेना (यूबीटी) के उपनेता बबनराव घोलप (Babanrao Gholap) शनिवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) के नेतृत्व वाली शिवसेना (Shiv Sena) में शामिल हो गए। इस दौरान महाराष्ट्र विधान परिषद की उपाध्यक्ष नीलम गोरे (Nilam Gorhe) और राज्य के मंत्री दादा भुसे (Dada Bhuse) भी मौजूद थे।

वहीं, पूर्व विधायक संजय पवार और आरपीआई के अहमदनगर जिला अध्यक्ष भाऊसाहेब पगारे ने भी पार्टी में प्रवेश किया। नासिक जिले से पांच बार विधायक रहे घोलप के शिंदे गुट में शामिल होने से उत्तर महाराष्ट्र में पार्टी की संभावनाएं बढ़ सकती हैं।

घोलप ने मिलिंद नार्वेकर पर किया हमला
बबनराव घोलप ने शिंदे गुट में शामिल होते ही उद्धव गुट के मिलिंद नार्वेकर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “मिलिंद नार्वेकर कौन हैं? उनकी बात सुनकर मुझे पार्टी से निकाल दिया गया। नार्वेकर के कारण कई लोगों ने पार्टी छोड़ दी है। मैंने शिर्डी लोकसभा क्षेत्र में पार्टी को खड़ा किया। लेकिन मिलिंद नार्वेकर की बात सुनकर मुझे अचानक साइड लाइन किया गया। एकनाथ शिंदे बालासाहेब ठाकरे के विचारों और विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। मैं अब से उनके साथ काम करूंगा। अगर वे बालासाहेब के विचारों को छोड़ देंगे, तो मैं उन्हें भी छोड़ दूंगा।”

घोलप को अब कचरा और गद्दार कहा जाएगा
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि बबनराव घोलप ने हमें अपना अनुभव बताया हैं। हमारा भी यही अनुभव था। अब उन्होंने बालासाहेब के विचारों के लिए हमारे साथ आने का फैसला किया है। उन्होंने अपने लिए कुछ नहीं मांगा, बल्कि अपने समाज को न्याय दिलाने की भूमिका स्पष्ट की। उन्हें पहले ही यह निर्णय लेना चाहिए था। लेकिन देर से ही सही, उन्होंने सही निर्णय लिया। शिंदे ने घोलप का स्वागत करते हुए कहा ठाकरे गुट पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “बबनराव घोलप हमारे बीच आए हैं, कल से उन्हें कचरा और गद्दार कहा जाएगा।”