Aurangabad Municipal Corporation

    Loading

    औरंगाबाद : बीते चार सालों में महानगरपालिका से सेवानिवृत्त (Retired) हुए सैकड़ों कर्मचारियों और वर्तमान में कार्यरत कर्मचारी अपने विविध लाभों (Miscellaneous Benefits) की बकाया राशि पाने के लिए तरस रहे थे। अपने बकाया लाभों की राशि पाने के लिए सेवानिवृत्त कर्मचारियों की चप्पले घस चुकी थी। परंतु, 6 महीने पूर्व महानगरपालिका के मुख्य लेखा अधिकारी का पदभार संभाले संतोष वाहुले (Santosh Wahule) ने महानगरपालिका कमिश्नर और प्रशासक आस्तिककुमार पांडेय (Municipal Commissioner and Administrator AstikKumar Pandey) के मार्गदर्शन में बेहतर नियोजन करते हुए बीते 5 महीने में महानगरपालिका (Municipal Corporation) कर्मचारियों के विविध लाभों की बकाया 39 करोड़ की राशि में से 24 करोड़ अदा की। जिससे सेवानिवृत्त सहित महानगरपालिका में कार्यरत कर्मचारियों ( Working Employees) में खुशी की लहर दौड़ी है। 

    चार साल से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारी महानगरपालिका के चक्कर काट रहे थे 

    महानगरपालिका सूत्रों ने बताया कि सन 2018 से 2022 तक महानगरपालिका के करीब 550 कर्मचारियों के विविध लाभों के 2700 प्रकरण प्रलंबित थे। इन मामलों को निपटारा करने के लिए महानगरपालिका को 39 करोड़ की राशि अदा करनी थी। बीते चार साल से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारी महानगरपालिका के चक्कर काट-काट कर थक चुके थे। परंतु, महानगरपालिका प्रशासन उनकी बकाया विविध लाभों की राशि अदा करने में सक्षम नहीं हो पा रहा था। 6 महीने पूर्व महानगरपालिका के मुख्य लेखा अधिकारी का पदभार संभाले संतोष वाहुले ने पदभार संभालने के बाद सेवानिवृत्त सहित महानगरपालिका में कार्यरत कर्मचारी उनके पास पहुंचकर विविध लाभों की बकाया राशि देने के विनंती कर रहे थे। उनकी वेदनाओं को जानकर मुख्य लेखा अधिकारी संतोष वाहुले भी आहट थे। लेकिन, महानगरपालिका की तिजोरी में एक ही समय में उतनी राशि अदा करना महानगरपालिका प्रशासन के लिए मुश्किल था। वाहुले ने महानगरपालिका प्रशासक आस्तिककुमार पांडेय से समय-समय पर मार्गदर्शन लेकर नियोजन बध्द तरीके से पदभार संभालने के कुछ दिनों बाद ही महानगरपालिका कर्मचारियों के विविध लाभों जैसे सेवा उपदान, 12 और 14 साल बाद की वेतन निश्चिती बकाया, लिव इनकैशमेंट, महंगाई भत्ता, अनुपूरक भुगतान, मृत पाए गए नॉमिनी की बकाया राशि ऐसे करीब 2700 मामलों का निपटारा करने की ठानी।

    एक तरफ गत दो साल से कोरोना महामारी के चलते महानगरपालिका की तिजोरी खाली पड़ी थी, ऐसे में कर्मचारियों को विविध लाभों की राशि अदा करना महानगरपालिका प्रशासन के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा था। परंतु, मुख्य लेखा अधिकारी संतोष वाहुले ने हिम्मत न हारते हुए कुल बकाया 39 करोड़ की राशि में से 24 करोड़ राशि अदा की। बीते दिनों उन्होंने पहले चरण में 13 करोड़ बकाया राशि अदा की। चालू सप्ताह में 11 करोड़ की राशि अदा की। जिससे महानगरपालिका कर्मचारियों में खुशी कीलहर दौड़ी है। विशेषकर, सेवानिवृत्त कर्मचारी वाहुले द्वारा किए गए प्रयासों से रकम पाकर काफी प्रसन्न है। सभी कर्मचारी महानगरपालिका प्रशासक आस्तिककुमार पांडेय और मुख्य लेखा अधिकारी संतोष वाहुले का आभार मान रहे है।